बिग ब्रेकिंग : शिक्षक पदोन्नति के लिए 25 व 26 नवंबर को बीआरसी अकबरपुर में होगा अभिलेख सत्यापन
पदोन्नति प्रक्रिया में आई तेजी, दो दिवसीय अभिलेख जांच का कार्यक्रम जारी

राजेश कटियार,कानपुर देहात। जनपद के परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों की बहुप्रतीक्षित पदोन्नति प्रक्रिया के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने आधिकारिक कार्यक्रम जारी कर दिया है। उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद प्रयागराज के सचिव के निर्देशानुसार रिक्त पदों के सापेक्ष वरिष्ठता क्रम में तैयार पात्रता सूची के आधार पर सेवा अभिलेखों का सत्यापन किया जाएगा।
यह पूरी प्रक्रिया उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा अध्यापक सेवा नियमावली 1981 (अद्यतन संशोधित) के प्राविधानों के तहत संपन्न होगी जिससे पात्र शिक्षकों की पदोन्नति का रास्ता साफ हो गया है।
विभाग द्वारा जारी समय-सारणी के अनुसार अभिलेख सत्यापन बीआरसी अकबरपुर (रूरा रोड) पर सुबह 10 बजे से कार्य समाप्ति तक होगा। पहले दिन 25 नवंबर 2026 (बुधवार) को प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक और उच्च प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापक पद की पदोन्नति के लिए जांच होगी।
इसमें 31 दिसंबर 2003 तक मौलिक नियुक्ति पाने वाले जनपद में कार्यभार ग्रहण करने वाले तथा प्रशिक्षण प्राप्त सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल होंगे। दूसरे दिन 26 नवंबर 2026 (बृहस्पतिवार) को प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापकों की पदोन्नति के लिए अभिलेखों का परीक्षण किया जाएगा जिसमें 31 दिसंबर 2013 तक मौलिक नियुक्ति या जनपद में कार्यभार ग्रहण करने वाले एवं प्रशिक्षण प्राप्त शिक्षक-शिक्षिकाएं भाग लेंगे।
सत्यापन में शामिल होने वाले पात्र शिक्षकों को निर्धारित प्रारूप पर आवेदन भरकर सभी दस्तावेज तय क्रम में पत्रावली के साथ लाने होंगे। पत्रावली में सबसे पहले निर्धारित सूचना प्रारूप और 10 रुपये का नोटरी शपथ पत्र लगाना होगा। इसके बाद प्रथम नियुक्ति आदेश व कार्यभार ग्रहण आख्या, अंतर्जनपदीय स्थानांतरण तथा बीएसए कार्यालय के पदस्थापना आदेश (यदि लागू हो), पूर्व पदोन्नति व संशोधन आदेश (यदि लागू हो) और दिव्यांगता की स्थिति में दिव्यांगता प्रमाण पत्र की स्पष्ट प्रति संलग्न करनी होगी।
साथ ही शैक्षिक अंकपत्र व प्रमाणपत्र (बढ़ते क्रम में), प्रशैक्षणिक प्रमाणपत्र (बीटीसी, विशिष्ट बीटीसी या बीएड), मृतक आश्रित व उर्दू शिक्षकों के लिए प्रशिक्षण मुक्ति आदेश, प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्तर के अलग-अलग टीईटी उत्तीर्ण प्रमाणपत्र और स्पेशल टीईटी 2026 के परीक्षा परिणाम की छायाप्रति लगाना अनिवार्य है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि पत्रावली में संलग्न सभी अभिलेखों की प्रतियां स्पष्ट व पठनीय हों और प्रत्येक प्रति पर संबंधित शिक्षक स्व-प्रमाणित लिखकर हस्ताक्षर करें।
वरिष्ठता सूची को लेकर किसी प्रकार की आपत्ति होने पर शिक्षक सत्यापन के दौरान अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं जिसका निस्तारण गठित समिति करेगी। यदि किसी पात्र शिक्षक या शिक्षिका का नाम वरिष्ठता सूची में छूट गया है तो वे संलग्न प्रारूप-1 पर संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी से हस्ताक्षर कराकर सभी 11 अनिवार्य अभिलेखों के साथ निर्धारित तिथि पर उपस्थित हो सकते हैं। बीएसए ने चेतावनी दी है कि तय तिथि, समय व स्थान पर उपस्थित न होने की स्थिति में पदोन्नति से वंचित रहने की पूरी जिम्मेदारी संबंधित शिक्षक की होगी।



