कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज
कानपुर देहात: कानून व्यवस्था के दृष्टिगत अमराहट पुलिस ने निकाला पैदल गश्त
अराजकतत्वों को दी सख्त चेतावनी, संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल सूचना देने की अपील

पुखरायां, अमन यात्रा लाइव: Kanpur Dehat पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने हेतु सोमवार शाम थाना अमराहट पुलिस ने सघन पैदल गश्त किया। थाना प्रभारी दिनेश कुमार गौतम के नेतृत्व में पुलिस बल ने क्षेत्र के प्रमुख मार्गों, मुख्य बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भ्रमण कर आम जनमानस को पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था का अहसास कराया। इस अभियान का प्राथमिक उद्देश्य कस्बे में अपराध नियंत्रण और नागरिकों के बीच पुलिस के प्रति विश्वास को मजबूती प्रदान करना रहा।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस टीम ने स्थानीय व्यापारियों, राहगीरों और संभ्रांत नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित कर शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा यातायात नियमों का पालन करने का आह्वान किया। थाना प्रभारी ने आमजन को जागरूक करते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या संदिग्ध व्यक्ति के दिखाई देने पर बिना विलंब पुलिस को सूचित करें, जिससे समय रहते निरोधात्मक कार्रवाई की जा सके। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है।
क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर थाना प्रभारी दिनेश कुमार गौतम ने कड़े शब्दों में चेतावनी जारी करते हुए कहा कि अमराहट थाना क्षेत्र में अराजकता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। माहौल बिगाड़ने का दुस्साहस करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत कड़ी निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी तथा कानून का उल्लंघन पाए जाने पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर कठोर वैधानिक दंडात्मक कदम उठाए जाएंगे।



