डेरापुर पुलिस की बड़ी कार्यवाही नाबालिग से दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट का आरोपी गिरफ्तार
बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म करने वाले अभियुक्त को पुलिस ने डुबकी पुल के पास से दबोचा

कानपुर देहात के थाना डेरापुर क्षेत्र में महिला संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने एक नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने वाले अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह कार्यवाही पुलिस की तत्परता और महिला सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
पूरा मामला 24 जनवरी 2026 की रात से शुरू हुआ था, जब अभियुक्त जयवीर पुत्र साहूकार ने गांव की ही एक 16 वर्षीय नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर भगा लिया था। जब पीड़िता की माता ने विपक्षी के परिवार से इस संबंध में शिकायत की, तो उनके साथ गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। इस संबंध में 30 जनवरी 2026 को थाना डेरापुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया था।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़िता की सकुशल बरामदगी की और उसके बयान दर्ज कराए। मेडिकल परीक्षण और विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में दुष्कर्म (धारा 64(1) बीएनएस) और पॉक्सो एक्ट (3/4 पॉस्को एक्ट) की धाराएं बढ़ाई गईं। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए अभियुक्त जयवीर को डुबकी पुल के पास से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त को विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
ये भी पढ़े- कानपुर देहात: जिलाधिकारी ने की जिला स्तरीय कार्यान्वयन एवं निगरानी समिति (DLIMIC) की बैठक



