कानपुर देहात: जंगल में चल रहा था दांव, शिवली पुलिस ने आधी रात को ऐसे बिगाड़ा जुआरियों का खेल
मुखबिर की सटीक सूचना पर शिवली पुलिस ने लुधौरा के जंगलों को घेरा, 10 गिरफ्तार

कानपुर देहात में अपराध और अपराधियों के खिलाफ पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय के निर्देशन में चलाया जा रहा अभियान रंग ला रहा है। इसी कड़ी में थाना शिवली पुलिस ने जुआरियों और सटोरियों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने मुखबिर से मिली पुख्ता जानकारी के आधार पर लुधौरा बाघपुर के घने जंगल में चल रहे जुए के अड्डे पर अचानक छापेमारी की। इस कार्रवाई में पुलिस ने 10 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है, जिनके पास से मालफड़ और जामा तलाशी के दौरान कुल 59400 रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस की इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के अपराधियों और सट्टेबाजों में हड़कंप मच गया है।
बैरी सवाई तिराहे पर गश्त के दौरान मिली थी इनपुट, पुलिस टीम ने की घेराबंदी
कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मैथा चौकी प्रभारी नरेंद्र सिंह, औनहां चौकी प्रभारी अजय कुमार राय और कांस्टेबल गौरव कुमार रात के करीब 10 बजे बैरी सवाई तिराहे पर कानून व्यवस्था के मद्देनजर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान एक मुखबिर ने सूचना दी कि लुधौरा बाघपुर के जंगलों के भीतर बड़े पैमाने पर जुआ खेला जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए योजना बनाई और लुधौरा गांव के पास जंगल की तरफ कूच कर दिया। पुलिस टीम ने चारों तरफ से घेराबंदी करते हुए मौके पर दबिश दी, जिससे वहां मौजूद जुआरियों को भागने का मौका नहीं मिल सका।
कानपुर नगर और देहात के रहने वाले हैं आरोपी, भेजे गए जेल
पुलिस की छापेमारी के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने घेराबंदी मजबूत रखकर मौके से 10 आरोपियों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बरहमपुर बंसठी चौबेपुर (कानपुर नगर) निवासी रज्जन, डंबर पुरवा इटरा थाना बिठूर (कानपुर नगर) निवासी विपिन कमल, लक्ष्मीपुरवा रायपुरवा (कानपुर नगर) निवासी जुग्गीलाल, टिकरा बिठूर (कानपुर नगर) निवासी मोहित व राहुल, झकरा थाना सचेंडी (कानपुर नगर) निवासी उत्तम राजपूत, बाघपुर निवासी बीरू व सुमित, डम्बर पुरवा इटरा बिठूर (कानपुर नगर) निवासी सुरेन्द्र कुमार और जादेपुर थाना चौबेपुर (कानपुर नगर) निवासी प्रहलाद के रूप में हुई है। कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत सख्त विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध धंधा या अपराध पनपने नहीं दिया जाएगा और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
ये भी पढे- राजपुर पुलिस का जुआरियों पर कड़ा प्रहार: पानी की टंकी के पास चल रहा था फड़, 4 गिरफ्तार, नकदी बरामद



