अवैध तमंचे की धौंस दिखाना पड़ा महंगा: मूसानगर पुलिस ने शमीम को पहुंचाया सलाखों के पीछे, कोर्ट का तगड़ा फैसला
ऑपरेशन कन्विक्शन का चला हंटर, अवैध असलहा रखने वाले को मिली 3 साल की सख्त सजा

कानपुर देहात के मूसानगर थाना क्षेत्र में अवैध हथियार लेकर घूमना एक युवक को काफी भारी पड़ गया है। साल 2023 के एक मामले में प्रभावी पैरवी करते हुए पुलिस ने आरोपी को सजा की दहलीज तक पहुंचा दिया है। जनपद न्यायालय एडीजे-प्रथम ने अवैध तमंचा और कारतूस रखने के मामले में आरोपी शमीम को दोषी करार देते हुए 3 साल के कारावास की सजा सुनाई है। यह पूरी कार्यवाही उत्तर प्रदेश पुलिस के चर्चित ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत संपन्न हुई है, जिसमें अपराधियों को उनके अंजाम तक पहुंचाने के लिए वैज्ञानिक साक्ष्य और समयबद्ध पैरवी पर जोर दिया जा रहा है।
घटना का सिलसिला 11 फरवरी 2023 से शुरू हुआ था, जब मूसानगर पुलिस ने घाटमपुर के ग्राम कोरो निवासी शमीम को अवैध तमंचे और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया था। पुलिस ने तत्काल कार्यवाही करते हुए आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया और विवेचक ने मामले की गुणवत्तापूर्ण जांच करते हुए 4 अप्रैल 2023 को ही कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल कर दिया था। इस मामले में पुलिस की मॉनिटरिंग सेल और अभियोजन पक्ष ने इतनी मजबूती से तथ्य रखे कि आरोपी को अदालत के सामने अपना जुर्म स्वीकार करना पड़ा।
न्यायालय ने 13 फरवरी 2026 को अपना फैसला सुनाते हुए शमीम पर 500 रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। अदालत ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि दोषी यह मामूली अर्थदंड जमा नहीं करता है, तो उसे एक सप्ताह की अतिरिक्त सजा काटनी होगी। मूसानगर पुलिस की इस सक्रियता और न्यायालय के इस फैसले को क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी जीत माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध हथियारों का शौक पालने वालों के लिए यह एक बड़ा सबक है।
ये भी पढ़े- कानपुर देहात में आगामी त्योहारों को लेकर पीस कमेटी की बैठक संपन्न



