जालौनउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

जालौन: 27 नवचयनित अनुदेशकों को मिला नियुक्ति पत्र, जिला पंचायत अध्यक्ष और विधायकों ने सौंपे नियुक्ति पत्र

इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री जी ने लखनऊ के लोकभवन से किया।

जालौन: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, लखनऊ द्वारा वर्ष 2025 में घोषित परिणामों में चयनित 27 व्यवसाय अनुदेशकों को रविवार को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री जी ने लखनऊ के लोकभवन से किया।

इसी क्रम में, जनपद के विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहाँ स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवचयनित अनुदेशकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।

जनप्रतिनिधियों ने सौंपा नियुक्ति पत्र

इस अवसर पर, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, माधौगढ़ विधायक मूलचन्द्र निरंजन, विधान परिषद सदस्य प्रतिनिधि डॉ. मयंक त्रिपाठी तथा जलशक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविन्द सिंह चौहान और मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह ने संयुक्त रूप से नियुक्ति पत्र सौंपे।

प्रदेश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों ने कहा कि यह आयोजन मुख्यमंत्री जी की दूरदर्शिता का प्रमाण है। उन्होंने नवनियुक्त अनुदेशकों से कहा कि यह नियुक्ति केवल नौकरी नहीं, बल्कि समाज और प्रदेश के प्रति एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये सभी अपनी मेहनत से प्रदेश के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

इस कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी प्रेमचंद मौर्य, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, और राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्य डॉ. नूपुर कश्यप, रमेश कुमार और श्रवण कुमार शुक्ला सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Related Articles

AD
Back to top button