उत्तरप्रदेशकानपुर देहातफ्रेश न्यूज
कानपुर देहात के शिक्षकों के लिए खुशखबरी: 10 साल की सेवा पूरी करने वालों को मिलेगा चयन वेतनमान, बीएसए ने मांगी सूची
बीएसए आशीष कुमार पाण्डेय ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को जारी किए सख्त निर्देश।

- मानव सम्पदा पोर्टल के माध्यम से पात्र शिक्षकों की सूची तत्काल ऑनलाइन अग्रसारित करने का आदेश।
- सेवा विवरण त्रुटिरहित होने का प्रमाण पत्र हार्डकॉपी में बीएसए कार्यालय को कराना होगा उपलब्ध।
राजेश कटियार, कानपुर देहात: जनपद के परिषदीय विद्यालयों में दस वर्ष की नियमित एवं संतोषजनक सेवा पूर्ण कर चुके शिक्षकों के लिए राहत भरी खबर है। बेसिक शिक्षा विभाग ने ऐसे पात्र अध्यापकों को चयन वेतनमान का लाभ देने की कवायद तेज कर दी है। इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) आशीष कुमार पाण्डेय ने जिले के समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी करते हुए मानव सम्पदा पोर्टल के माध्यम से पात्र शिक्षकों की सूची तत्काल ऑनलाइन अग्रसारित करने को कहा है।
बीएसए द्वारा पूर्व में 3 नवंबर को निर्गत पत्र में आंशिक संशोधन करते हुए यह नया निर्देश जारी किया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि प्रचलित शासनादेशों के नियमों के अधीन नियमित व निरंतर दस वर्ष की सेवा पूरी करने वाले अध्यापकों की सूची बिना किसी देरी के पोर्टल पर फॉरवर्ड की जाए।
इसके साथ ही खंड शिक्षा अधिकारियों को इस आशय का प्रमाण पत्र भी हार्डकॉपी में बीएसए कार्यालय को उपलब्ध कराना होगा कि संबंधित शिक्षकों का समस्त सेवा विवरण मानव सम्पदा पोर्टल पर पूरी तरह से त्रुटिरहित दर्ज है। बीएसए ने इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतने और आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने की हिदायत दी है।



