मिशन शक्ति 5.0: बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर गूंजी सुरक्षा और सशक्तिकरण की आवाज
साइबर स्टॉकिंग और फिशिंग जैसे अपराधों से बचाव के लिए साझा किए गए सुरक्षा टिप्स।

कानपुर देहात: महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित व आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प के साथ कानपुर देहात में “मिशन शक्ति 5.0” के तहत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के कुशल निर्देशन में जनपदीय पुलिस ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के बाजारों व सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों और सुरक्षा तंत्र की जानकारी दी।
हेल्पलाइन नंबरों और जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रसार
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने सैकड़ों महिलाओं और बालिकाओं से सीधा संवाद किया। उन्हें आपातकालीन स्थिति में मददगार नंबरों जैसे 1090 (महिला शक्ति लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) और 112 (इमरजेंसी हेल्पलाइन) के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया गया। इसके साथ ही सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई ताकि वे समाज की मुख्यधारा से जुड़कर लाभ उठा सकें।
साइबर अपराध और कानूनी अधिकारों के प्रति सजगता
वर्तमान डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस ने महिलाओं को फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग और फर्जी सोशल मीडिया खातों से बचाव के टिप्स दिए। उन्हें UPCOP ऐप के माध्यम से घर बैठे पुलिस सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। इसके अलावा पोक्सो एक्ट, घरेलू हिंसा अधिनियम और दहेज निषेध जैसे कड़े कानूनों के बारे में भी जागरूक किया गया ताकि वे अपने अधिकारों के प्रति सजग रहकर किसी भी अन्याय के खिलाफ आवाज उठा सकें।
सुरक्षित परिवेश निर्माण का उद्देश्य
इस अभियान का मूल उद्देश्य महिलाओं के मन से भय को समाप्त कर उन्हें मानसिक रूप से सशक्त बनाना है। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि जनपद का प्रत्येक थाना और ‘शक्ति मोबाइल’ उनकी सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है। बाजारों में पैदल गश्त के साथ-साथ पैम्फलेट्स बांटकर इस संदेश को जन-जन तक पहुँचाया गया।
ये भी पढ़े- अपर पुलिस अधीक्षक ने प्रेस वार्ता में किया 50 लाख के गांजे की बरामदगी का खुलासा



