कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रबंध समिति की बैठक सम्पन्न, शैक्षिक गुणवत्ता व छात्र सुरक्षा पर विशेष जोर

जिलाधिकारी कपिल सिंह ने बच्चों से बात कर उनकी समस्याओं और फीडबैक को सुना।

कानपुर देहात: जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल की उपस्थिति में पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रबंध समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय की शैक्षिक गुणवत्ता, विद्यार्थियों की सुरक्षा व्यवस्था, छात्रावासीय सुविधाओं, भोजनालय, स्वच्छता, पेयजल आपूर्ति, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, स्मार्ट क्लास संचालन, खेलकूद गतिविधियों तथा विद्यालय की आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण की बिंदुवार समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी द्वारा पीएम श्री योजना के अंतर्गत विद्यालय को आदर्श, समावेशी एवं आधुनिक शिक्षण संस्थान के रूप में विकसित करने हेतु नवाचार आधारित गतिविधियों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर बल दिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि छात्रावासों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, सीसीटीवी, अग्निशमन उपकरण, आपातकालीन निकास मार्ग तथा रात्रि सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए।

भोजनालय में पौष्टिक, गुणवत्तापूर्ण एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने, रसोईघर की नियमित स्वच्छता जांच तथा खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। विद्यार्थियों के लिए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, समय-समय पर चिकित्सकीय शिविर, मानसिक स्वास्थ्य परामर्श तथा प्राथमिक उपचार सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक के उपरांत जिलाधिकारी द्वारा विद्यालय परिसर, भोजनालय एवं छात्रावास का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान आवश्यक मरम्मत कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने, पेयजल की गुणवत्ता जांच, शौचालयों की स्वच्छता, छात्रावासीय कमरों की प्रकाश व वेंटिलेशन व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। स्मार्ट क्लास एवं डिजिटल लर्निंग संसाधनों के समुचित उपयोग, पुस्तकालय के अद्यतन, खेल मैदानों एवं खेल सामग्री की उपलब्धता बढ़ाने तथा सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी शैक्षिक आवश्यकताओं, छात्रावासीय व्यवस्थाओं एवं दैनिक दिनचर्या के संबंध में फीडबैक लिया, बच्चों का उत्साहवर्धन किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अनुशासन, परिश्रम एवं नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन विद्यालय के समग्र विकास हेतु निरंतर सहयोग प्रदान करेगा तथा शिक्षा की गुणवत्ता में सतत सुधार के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। बैठक में विद्यालय प्रशासन, संबंधित विभागों के अधिकारी, शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारी उपस्थित रहे।

अंत में जिलाधिकारी द्वारा सभी को निर्देशित किया गया कि निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य करते हुए पीएम श्री योजना के लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी न्यायक दिग्विजय सिंह, केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य, समिति के सदस्यगण सहित शिक्षक- शिक्षिकाएं, छात्र- छात्राएं आदि उपस्थित रहे।

ये भी पढ़े-  08 फरवरी से शुरू होगा मुफ्त राशन वितरण,ई-केवाईसी अनिवार्य

aman yatra
Author: aman yatra

Related Articles

AD
Back to top button