सड़क सुरक्षा माह: जालौन में उप परिवहन आयुक्त का औचक निरीक्षण, 55 वाहनों के चालान
बकाया टैक्स वसूली और सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर परिवहन विभाग ने कसा शिकंजा

जालौन: झांसी परिक्षेत्र के उप परिवहन आयुक्त केडी सिंह गौर ने शुक्रवार को जालौन जनपद का औचक निरीक्षण किया। सड़क सुरक्षा माह के तहत आयोजित इस कार्यवाही में उन्होंने एआरटीओ प्रवर्तन सुरेश वर्मा और उनकी टीम के साथ मिलकर जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान ओवर स्पीडिंग, बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया गया।
अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने कुल 55 वाहनों का चालान काटा। इनमें सबसे अधिक चालान बिना हेलमेट, सीट बेल्ट न लगाने और तेज रफ्तार में वाहन चलाने वाले चालकों के किए गए। चेकिंग के दौरान सड़क पर चलने वाले लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया।
निरीक्षण के दौरान केडी सिंह गौर ने बताया कि वर्तमान में वित्तीय वर्ष की समाप्ति निकट है, इसलिए विभाग का मुख्य फोकस राजस्व लक्ष्यों को पूरा करने और बकाया टैक्स की वसूली पर है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व वसूली के साथ-साथ सड़क सुरक्षा जैसे संवेदनशील विषय पर भी समानांतर कार्यवाही जारी रहेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध निरंतर अभियान जारी रखा जाए ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
ये भी पढ़े- DM कपिल सिंह ने कलेक्ट्रेट में महिला एवं बाल विकास योजनाओं की प्रगति जांची



