कानपुर देहात में भीषण सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत,परिचालक गंभीर
पुलिस कार्यवाही में जुटी, रनियां के टोरंटो पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा

कानपुर देहात के रनियां थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है।हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई जबकि परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसा टोरंटो पेट्रोल पंप के पास कानपुर से अकबरपुर जाने वाले हाइवे पर रात करीब 11.30 बजे हुआ।जहां पर एक तेज रप्तार ट्रक ने आगे चल रहे ट्रेलर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।हादसे में महाराजपुर कानपुर नगर के सिभोली निवासी ट्रक चालक आशीष गंभीर रूप से घायल हो गए।सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे एस आई सुरेन्द्र कुमार ने उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।जहां मौजूद चिकित्सक ने परीक्षण उपरांत मृत घोषित कर दिया।
ट्रक के परिचालक रामपुर निवासी सुमित का उपचार जिला अस्पताल में जारी है।हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर रास्ता साफ कराया।तत्पश्चात हाइवे पर यातायात सुचारू रूप से चालू हो सका।प्रभारी निरीक्षक शिवनारायन सिंह ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।मौके पर शांति व्यवस्था पूर्ण नियंत्रण में है।अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।



