कानपुर देहात में किशोरी फांसी पर झूली,परिजनों में मचा कोहराम
पुलिस गहराई से छानबीन में जुटी
कानपुर देहात में एक दर्दनाक घटना सामने आई है।रनियां थाना क्षेत्र में शनिवार को एक किशोरी ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी का फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।सूचना पर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन में जुट गई है।
मृतका की पहचान विसायकपुर गांव निवासी छंगालाल की 17 वर्षीय पुत्री प्रांशी के रूप में हुई है। प्रांशी ने शनिवार को अज्ञात कारणों के चलते अपने घर के कमरे में लगे पंखे के कुंडे के सहारे दुपट्टे का फंदा लगाकर फांसी लगा ली।जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया।परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।सूचना मिलते ही एस आई देवेंद्र कुमार पाल ने तत्काल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
घटना की संदिग्धता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया।फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।तत्पश्चात पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।प्रांशी की मौत से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था।प्रभारी निरीक्षक शिवनारायन सिंह ने बताया कि आत्महत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।फोरेंसिक टीम ने मौके पर जांच की है।मामले की गहराई से छानबीन की जा रही है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।



