कानपुर देहात: रेलवे में 35 साल की बेदाग सेवा के बाद पुखरायां स्टेशन अधीक्षक बीके प्रजापति हुए सेवानिवृत्त, शेख मोहम्मद की मौजूदगी में स्टाफ ने दी भावुक विदाई
भुसावल से शुरू कर झांसी मंडल के कई स्टेशनों पर निभाई जिम्मेदारी, यात्रियों और स्टाफ के चहेते रहे स्टेशन मास्टर के विदाई समारोह में उमड़े नगर के गणमान्य लोग
पुखरायां: रेलवे स्टेशन पर तैनात स्टेशन अधीक्षक बीके प्रजापति रेलवे में अपनी शानदार 35 वर्षों की लंबी सेवा पूरी करने के बाद सेवानिवृत्त हो गए हैं। उनके सेवानिवृत्त होने पर रेलवे सलाहकार समिति के पूर्व सदस्य शेख मोहम्मद सहित रेलवे स्टाफ और स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर भव्य विदाई दी। विदाई समारोह के दौरान सहकर्मियों ने उनके सरल स्वभाव और यात्रियों के प्रति उनके समर्पण की जमकर सराहना की। सेवानिवृत्ति के बाद अब वह अपना पूरा समय अपने परिवार और समाज के बीच बिताएंगे।
झांसी मंडल के अंतर्गत पुखरायां रेलवे स्टेशन पर तैनात स्टेशन अधीक्षक बीके प्रजापति आज अपनी सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त हो गए। इस मौके पर पुखरायां स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक विवेक पांडे ने उनके विदाई समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि एक सरकारी कर्मचारी कभी भी अपनी जिम्मेदारियों से पूरी तरह निवृत्त नहीं होता। नौकरी के दौरान विभाग की सेवा करते-करते कर्मचारी अक्सर अपने परिवार और सगे-संबंधियों से दूर हो जाता है, लेकिन सेवानिवृत्ति के बाद उसे अपने अपनों के बीच पूरा समय बिताने का एक नया अवसर मिलता है।
बीके प्रजापति के सेवा सफर की बात करें तो उन्होंने साल 1991 में भारतीय रेलवे में कदम रखा था। उनकी पहली तैनाती भुसावल में हुई थी, जिसके बाद साल 1995 में उनका स्थानांतरण झांसी मंडल में हो गया। अपने इस लंबे कार्यकाल के दौरान उन्होंने झांसी मंडल के पुखरायां, चौराहा और उरई जैसे कई महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशनों पर स्टेशन मास्टर और स्टेशन अधीक्षक के पदों पर रहते हुए अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से निर्वहन किया।
अपने सीधे, सरल और मृदुभाषी स्वभाव के कारण बीके प्रजापति न केवल अपने स्टाफ के बीच लोकप्रिय थे, बल्कि यात्रियों की समस्याओं के समाधान के लिए भी हमेशा तत्पर रहते थे। यात्रियों की सेवा को वह अपना सर्वोपरि धर्म मानते थे, जिसकी झलक आज उनके विदाई समारोह में उमड़ी भीड़ को देखकर साफ महसूस की जा सकती थी। उनकी विदाई के क्षण बेहद भावुक कर देने वाले थे, जहां हर किसी की आंखें नम नजर आईं।
इस भव्य विदाई समारोह के अवसर पर रेलवे सलाहकार समिति के पूर्व सदस्य शेख मोहम्मद ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और बीके प्रजापति के कार्यकाल की सराहना की। उनके साथ ही पूर्व स्टेशन अधीक्षक देवेंद्र सिंह, नरेंद्र सचान, देवेंद्र, राजीव पासवान, दीपक कुमार और विवेक मौजूद रहे। इसके अलावा ठाकुर देवेंद्र सिंह, इकराम खान एडवोकेट, संजय यादव, पूर्व स्टेशन मास्टर भीमसेन कुरील, मोहित शुक्ला और उरई के बिजली इंजीनियर सहित भारी संख्या में गणमान्य नागरिक और सहकर्मी उपस्थित रहे और उनके सुखद व स्वस्थ भविष्य की कामना की।
ये भी पढे- झींझक में दो मोटरसाइकिलों की भिड़ंत में तीन घायल,एक गंभीर



