कानपुर देहात में अमराहट कैनाल में मिला 7 फीट लंबा मगरमच्छ, मचा हड़कंप
वन विभाग ने रस्सियों से रेस्क्यू कर मगरमच्छ को यमुना नदी में छोड़ा।

कानपुर देहात के राजपुर सिकंदरा स्थित अमराहट गांव में एक 7 फीट लंबा मगरमच्छ मिलने से हड़कंप मच गया।अमराहट कैनल द्वितीय प्रोजेक्ट की सूखी नहर में ग्रामीणों ने मगरमच्छ देखा तो इलाके में दहशत फैल गई।ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना अमराहट थाना पुलिस को दी।थाना प्रभारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल वन विभाग को सूचित किया।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।टीम ने रस्सियों की मदद से मगरमच्छ को सुरक्षित बाहर निकाला।वन विभाग की टीम ने पकड़े गए मगरमच्छ को पास में बह रही यमुना नदी में सुरक्षित छोड़ दिया।जिसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।हालांकि राहत की बात यह रही कि इतने बड़े मगरमच्छ ने किसी ग्रामीण या मवेशी को अपना शिकार नहीं बनाया।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बरसात के मौसम में नदियों का जलस्तर बढ़ने पर मगरमच्छ और अन्य जलीय जीव अक्सर भटककर नहरों और नालों के जरिए रिहायशी इलाकों के करीब आ जाते हैं।अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि जलभराव वाले क्षेत्रों और नहरों के आसपास सतर्क रहें।किसी भी वन्यजीव के दिखने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें।



