कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

रफ्तार का कहर: कानपुर देहात में कोरियर पिकअप ने बिक्की सवार को कुचला, दर्दनाक मौत

गजनेर-नबीपुर मार्ग पर जमरेही गांव के पास हुआ हादसा, पशुओं का डॉक्टर था मृतक

कानपुर देहात के गजनेर थाना क्षेत्र में एक बार फिर तेज रफ्तार का खूनी खेल देखने को मिला है। गजनेर-नबीपुर मार्ग पर जमरेही गांव के सामने एक तेज रफ्तार कोरियर पिकअप ने बिक्की (मोपेड) सवार को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में बिक्की सवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार, गजनेर थाना क्षेत्र के पतरा गांव निवासी रामचंद्र उर्फ सुक्खू सोनकर (50 वर्ष) पुत्र अतिबल गांव-गांव जाकर पशुओं का उपचार करने का काम करते थे। बुधवार शाम करीब 6 बजे वह अपनी बिक्की से मोहाना गांव में किसी बीमार पशु का इलाज करने के लिए निकले थे। जैसे ही वह जमरेही गांव के सामने स्थित शराब ठेके के पास पहुंचे, तभी गजनेर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कोरियर पिकअप ने उन्हें सामने से सीधी टक्कर मार दी और कुचलते हुए निकल गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रामचंद्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

रामचंद्र की मौत की खबर जैसे ही उनके घर पहुंची, परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मृतक की पत्नी अनीता देवी, पुत्र लवलेश व कुशलेश और पुत्री का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने बताया कि रामचंद्र बेहद गरीब और निहायत सीधे स्वभाव के व्यक्ति थे। वह पशुओं का इलाज करके ही अपने पूरे परिवार का भरण-पोषण (जीविकोपार्जन) करते थे। उनकी अचानक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है।

घटना के संबंध में गजनेर थाना प्रभारी सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि अज्ञात कोरियर वाहन की टक्कर से बिक्की सवार अधेड़ की मौत हुई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसके साथ ही दुर्घटना को अंजाम देकर फरार हुए वाहन और उसके चालक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।


ये भी पढे-  कानपुर देहात में बदमाशों का आतंक, रूरा में राहगीरों से ताबड़तोड़ लूट करने वाला शातिर लुटेरा चढ़ा पुलिस के हत्थे


Related Articles

AD
Back to top button