कानपुर देहात: संदलपुर विकासखंड के परिषदीय विद्यालयों में मनाया गया वार्षिकोत्सव
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए छात्र-छात्राओं ने दिखाई अपनी प्रतिभा।

राजेश कटियार,कानपुर देहात। संदलपुर विकासखंड के जमौरा गाँव स्थित प्राथमिक विद्यालय एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय में वार्षिकोत्सव अत्यंत धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया जिसमें छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों, नृत्य, संगीत और नाटकों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर मेधावी छात्रों को पुरस्कृत भी किया गया। उच्च प्राथमिक विद्यालय से राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित परीक्षा में चयनित बच्चे क्रमशः दीपांशी देवी एवं रौनक के साथ साथ उनके माता-पिता को भी साल भेंटकर सम्मानित किया गया। जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में रनर रही बालिका दीप्ति गौतम को भी विद्यालय की तरफ से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रेम नाथ द्वारा की गई।
आयोजित कार्यक्रम में बोलते हुए यूपीएस के प्रधानाध्यापक प्रेम प्रकाश ने कहा कि अच्छी शिक्षा एवं संस्कार ही जीवन को एक नया रुप देते हैं। हमें समाज को शिक्षित एवं संस्कारित बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए। प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजेश बाबू ने अपने संबोधन में कहा कि सभी छात्र-छात्राएं शिक्षा की गुणवत्ता एवं शिक्षा के प्रति सदैव समर्पित होते हुए मन लगाकर पढ़ाई करें और विद्यालय एवं क्षेत्र तथा अपने माता पिता के साथ जनपद का नाम रोशन करें। इस दौरान राज नारायण मिश्रा अभिषेक यादव सीमा गुप्ता राम विकास पटेल प्रमोद कुमार अनिल कुमार ध्रुव लाल समेत सैकड़ो लोग उपस्थित रहे।



