कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात में सनसनी: युवक ने मनचले व किशोरी पर किया जानलेवा हमला, दोनों की हालत गंभीर

वारदात के बाद आरोपी राजा मौके से फरार, परिजनों की शिकायत पर मामले की जांच में जुटी बरौर थाना पुलिस

कानपुर देहात के बरौर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले देवब्रह्मपुर गांव से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। बुधवार की शाम करीब 5 बजे एक सिरफिरे युवक ने सरेआम खूनी तांडव मचाते हुए एक 17 वर्षीय किशोरी और एक अन्य युवक पर धारदार हथियार (बांके) से ताबड़तोड़ जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से रफूचक्कर हो गया, जबकि दोनों पीड़ित खून से लथपथ हालत में जमीन पर तड़पते मिले।

मिली जानकारी के अनुसार, देवब्रह्मपुर गांव के रहने वाले रामलखन ने थाने में रूह कंपा देने वाली आपबीती सुनाई है। उन्होंने बताया कि बुधवार दोपहर करीब 2 बजे उनकी 17 साल की भतीजी घर से दुकान पर कुछ जरूरी सामान लेने के लिए निकली थी। आरोप है कि रास्ते में ही घात लगाकर बैठे मोहल्ले के अंकुश नाम के युवक ने उसे अकेले देखकर रोक लिया और उसके साथ जबरन छेड़खानी करने लगा। किशोरी ने जब इसका पुरजोर विरोध किया, तो बात बढ़ गई।

इसी बीच, छेड़खानी की इस घटना के दौरान अंकुश के दादा का लड़का यानी चचेरा भाई राजा वहां पहुंच गया। उसने आते ही आपा खो दिया और किशोरी पर धारदार औजार (बांके) से ताबड़तोड़ प्रहार कर दिए। हमलावर यहीं नहीं रुका, उसने पीड़िता के खिलाफ अत्यंत आपत्तिजनक और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उसे गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। चीख-पुकार सुनकर जब बीच-बचाव की कोशिश हुई, तो आरोपी राजा ने वहां मौजूद अंकुश पर भी बांके से वार कर उसे मरणासन्न कर दिया और मौके से भाग निकला।

दिनदहाड़े हुए इस दोहरे हमले से गांव में कोहराम मच गया और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। आनन-फानन में परिजनों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जमीन पर तड़प रहे दोनों घायलों को तुरंत देवीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने दोनों की गंभीर और नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है, जहां दोनों जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं।

इस संबंध में बरौर थाना प्रभारी (इंस्पेक्टर) महेश कुमार ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम जांच में जुट गई है। घायलों को उच्च इलाज के लिए अस्पताल भिजवा दिया गया है और परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा और उसके खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई की जाएगी जो मिसाल बनेगी।

Related Articles

AD
Back to top button