कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात की महिला और 6 साल की मासूम बेटी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, मौसी के घर से औरैया आते समय जालौन चौराहे से गायब

भाई अंशुल चौहान की तहरीर पर औरैया पुलिस ने दर्ज की गुमशुदगी, तलाश में जुटीं टीमें।

कानपुर देहात : जनपद कानपुर देहात के थाना सट्टी क्षेत्र के ग्राम बिझौना की रहने वाली एक महिला और उनकी 6 साल की मासूम बेटी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई हैं। महिला अपनी मौसी के घर से औरैया आने के लिए निकली थीं, लेकिन जालौन चौराहे के बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका है। भाई की तहरीर पर औरैया कोतवाली पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी है।

ग्राम बिझौना निवासी अंशुल चौहान ने पुलिस को बताया कि उनकी 33 वर्षीय बहन अनुपम चौहान अपनी 6 वर्ष की बेटी पूर्ति चौहान के साथ मुरादगंज स्थित अपनी मौसी के घर गई हुई थीं। बीती 2 जून 2026 को सुबह करीब 7 बजे अनुपम मुरादगंज से ऑटो में बैठकर औरैया के जालौन चौराहे के लिए निकली थीं। जालौन चौराहा पहुंचने के बाद से अचानक उनका मोबाइल फोन बंद हो गया, जिसके बाद से परिवार का उनसे कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है।

लापता होते समय अनुपम के पास एक ट्रॉली बैग और एक पिठ्ठू बैग भी था। मामले की गंभीरता को देखते हुए औरैया कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गुमशुदगी दर्ज कर ली है। इस मामले की जांच उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार को सौंपी गई है। पुलिस ने कंट्रोल रूम और आरटी सेट के माध्यम से सूचना प्रसारित कर दी है ताकि दोनों का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके। परिजनों ने भी आम जनता से तलाश में मदद करने की गुहार लगाई है।

 

Related Articles

AD
Back to top button