कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात: रसूलाबाद में संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे में फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

कानपुर देहात के रसूलाबाद थाना क्षेत्र के सिंगरन निवादा में शनिवार शाम एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके कमरे में फंदे से लटका मिला।सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है।

मृतका की पहचान धीरेंद्र गौतम की 25 वर्षीय पत्नी प्रियांशी उर्फ नेहा के रूप में हुई है।प्रियांशी के ससुराल वालों के मुताबिक प्रियांशी ने शनिवार शाम अपने कमरे में साड़ी के सहारे पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।उन्होंने बताया कि जब प्रियांशी काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकली तो उन्होंने दरवाजा खटखटाया।अंदर से कोई आवाज न आने पर दरवाजा तोड़ा गया जहां प्रियांशी का शव फंदे से लटका मिला।परिजनों ने उसे तत्काल फंदे से नीचे उतारकर एंबुलेंस से रसूलाबाद सीएचसी पहुंचाया।

जहां मौजूद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार सिंह और चौकी प्रभारी नार खास पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर घटना की जांच पड़ताल की।जानकारी के मुताबिक मृतका प्रियांशी की शादी 11 मई 2025 को धीरेंद्र से हुई थी।घटना से परिवार में शोक का माहौल है।पुलिस के मुताबिक आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।

पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।वहीं मृतका की मां सुनीता ने जो बरौर थाना क्षेत्र के कैलई गांव की रहने वाली है गंभीर आरोप लगाए हैं।उनका कहना है कि ससुराल पक्ष ने दहेज की मांग पूरी न होने पर उनकी बेटी की मारपीट कर हत्या कर शव फांसी पर लटका दिया है और इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की है।घटना से मृतका की मां सुनीता,बहनें कंचन,प्रियंका और भाई अर्जित का रो रो कर बुरा हाल है।प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार सिंह ने बताया कि आत्महत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर परिजनों की तहरीर पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।

Related Articles

AD
Back to top button