महिलाओं के लिए महफूज बनेगा कानपुर, जानिए- कैसी होगी सेफ सिटी में व्यवस्था
कानपुर नगर निगम ने महिलाओं के लिए सेफ सिटी बनाने के लिए खाका तैयार करना शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री ने अफसरों को जल्द से जल्द सेफ सिटी बनाने के निर्देश दिए हैं। बाजारों में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर खास इंतजाम किए जाएंगे।
कानपुर, अमन यात्रा। लखनऊ सेफ सिटी परियोजना की तर्ज पर शहर की महिलाओं के लिए महफूज सिटी बनाई जाएगी, ताकि महिलाएं निडर होकर सड़कों पर निकल सकें। रात में निकलने में डर न लगे। इसके लिए महिलाओं की सुविधा के अनुसार विकास कार्य कराया जाएगा। बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था के लिए महिला फोर्स, पिंक शौचालय और फीडिंग सेंटर बनाए जाएगे। इसके लिए नगर निगम खाका तैयार कर रहा है।
लखनऊ में सेफ सिटी को लेकर काम शुरू हो गया है इसके तहत शहर में भी महिलाओं की सुरक्षा को लेकर खाका तैयार किया जा रहा है। बाजारों में महिलाओं के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है। महिला मार्केट भी तैयार की जाएगी, ताकि महिलाएं निडर होकर खरीदारी कर सके। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सख्त आदेश दिए है कि जल्द सेफ सिटी मनाई जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वर्तमान समय में शहर में तीन पिंक शौचालय मोतीझील, नानाराव पार्क और फूलबाग में बने है। इसके अलावा पिंक चौकी मोतीझील व किदवईनगर चौराहा पर है। इसके अलावा महिलाओं के लिए कोई व्यवस्था नहीं है।
लड़कियों के स्कूलों के बाहर और प्रमुख बाजारों में लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
केंद्र सरकार की सेफ सिटी योजना ने आकार लेना शुरू कर दिया है। महिला सुरक्षा की निगहबानी को पुलिस शहर में 600 सीसीटीवी कैमरे लगवाएगी। इसके अलावा पिंक पेट्रोलिंग वाहन भी खरीदे जाएंगे। पुलिस योजना की रूपरेखा तैयार कर रही है। महिला सुरक्षा को लेकर केंद्र सरकार ने सेफ सिटी योजना शुरू की है, जिसमें कानपुर सहित प्रदेश के 13 जनपदों को शामिल किया गया है। इसके तहत सभी जनपदों में महिलाओं की सुरक्षा को चाक चौबंद किया जा रहा है। इस योजना की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी पुलिस है।
एसपी पश्चिम डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि योजना के तहत शहर के चारों हिस्सों में एक-एक ङ्क्षपक चौकी बनाई जानी है। इसके अलावा आइटीएमएस (इंट्रीगेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) की तर्ज पर महिलाओं की सुरक्षा की निगहबानी को शहर में 600 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। यह कैमरे लड़कियों के स्कूलों या कोएड स्कूलों के बाहर और शहर के ऐसे स्थानों में लगाए जाएंगे जहां महिलाओं की उपस्थिति अधिक रहती है, जैसे शिवाला मार्केट, सीसीमऊ, पीरोड, लाल बंगला, बेकनगंज और नवीन मार्केट। इन कैमरों के लिए एक कंट्रोल रूम भी होगा, जहां शोहदों पर नजर रखी जाएगी। कोशिश की जा रही है कि कंट्रोल रूम आइटीएमएस के कंट्रोल में ही हो। तत्काल कार्रवाई के लिए योजना में सौ दोपिहया और दस चार पहिया पेट्रोङ्क्षलग वाहन मांगे गए हैं। इन्हें पिंक पेट्रोलिंग व्हीकल नाम दिया गया है। कोई भी महिला मुसीबत में इन पेट्रोलिंग वाहनों से भी मदद मांग सकती है।
नगर निगम यह करेगा व्यवस्था
-बाजारों में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की जाएगी अंधेरा नहीं रहे।
-शहर में हर बाजार में पिंक शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। अभी तीन शौचालय बने है। 14 और बनाने के लिए प्रस्ताव तैयार हो रहा है।
-महिला पुलिस चौकी और जगह बनाई जाएगी।
-बसों में सीसीटीवी कैमरे व पैनिक बटन लगेंगे।
-पिंक स्कूटर और पिंक एक्सूयवी चलेंगी।
– बाजारों में महिला पुलिस तैनात होगी।
– फीडिंग सेंटर बनाए जाएगे ताकि महिलाओं को दिक्कत न हो।
- सेफ सिटी के लिए प्रस्ताव तैयार हो रहा है। नगर निगम ने तीन पिंक शौचालय बनाए है और शौचालय बनाये जाएगे। साथ ही फीडिंग सेंटर और बाजारों में महिलाओं के बैठने की भी व्यवस्था की जाएगी। -आरके सिंह, अधिशासी अभियंता, नगर निगम
Author: AMAN YATRA
SABSE PAHLE