कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

झांसी-कानपुर हाईवे पर चला प्रशासन का डंडा: जेसीबी से ढहाए अवैध कब्जे, दुकानदारों में मची खलबली

अवैध अतिक्रमण जेसीबी से किया ध्वस्त, अतिक्रमणकारियों को चेतावनी

पुखरायां में झांसी-कानपुर नेशनल हाईवे को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए प्रशासन ने रविवार को सख्त रुख अपनाया। भोगनीपुर से लेकर किसान सेवा आश्रम तक चले इस व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान अवैध रूप से किए गए कब्जों को जमींदोज कर दिया गया। उपजिलाधिकारी भोगनीपुर देवेंद्र सिंह और नेशनल हाईवे इंफ्रा ट्रस्ट के मैनेजर एंगेल्स शर्मा के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा।

जेसीबी की गर्जना और अधिकारियों की सख्ती

अभियान की शुरुआत होते ही हाईवे किनारे अवैध रूप से लगाई गई दुकानों और बढ़ाए गए छज्जों पर जेसीबी का पंजा चला। प्रशासनिक टीम ने सख्त हिदायत देते हुए सड़क सीमा के भीतर आने वाले सभी अस्थाई ढांचों को ध्वस्त करा दिया। कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों ने विरोध करने का प्रयास किया, जिससे नेशनल हाईवे इंफ्रा ट्रस्ट के मैनेजर एंगेल्स शर्मा के साथ उनकी तीखी झड़प भी हुई, लेकिन भारी पुलिस बल की मौजूदगी के कारण अतिक्रमणकारियों के मंसूबे कामयाब नहीं हो सके।

अब स्थाई निर्माणों पर चलेगा नोटिस का हंटर

नेशनल हाईवे इंफ्रा ट्रस्ट के मैनेजर एंगेल्स शर्मा ने स्पष्ट किया कि फिलहाल यह कार्रवाई अस्थाई अतिक्रमण के विरुद्ध की गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगले चरण में हाईवे पर किए गए स्थाई अवैध निर्माणों को चिन्हित कर नोटिस जारी किए जाएंगे और उन्हें भी पूरी तरह हटाया जाएगा। अधिकारियों ने दुकानदारों को कड़ा संदेश दिया कि यदि दोबारा अतिक्रमण करने की कोशिश की गई, तो उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई और भारी जुर्माना वसूला जाएगा।

पुलिस बल की मौजूदगी में सफल रही कार्रवाई

इस महत्वपूर्ण अभियान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए एनएचआईए के रोहित कुमार, मनोज कुमार, अनिल तिवारी, समरजीत सिंह और भारत सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मुस्तैद रहा। हाईवे पर सुचारु यातायात सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन की इस पहल की राहगीरों ने सराहना की है।


आधिकारिक बयान

“झांसी-कानपुर हाईवे पर यातायात को सुरक्षित और बाधामुक्त बनाने के लिए अतिक्रमण हटाना अनिवार्य है। आज अस्थाई कब्जों को हटाया गया है। सभी दुकानदारों को सचेत किया गया है कि वे सड़क की जमीन पर कब्जा न करें। भविष्य में स्थाई निर्माणों के खिलाफ भी विधिवत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।” – देवेंद्र सिंह, उपजिलाधिकारी भोगनीपुर

ये भी पढ़े-  कानपुर देहात: बॉलीवॉल प्रतियोगिता में रायबरेली का ट्रॉफी पर कब्जा,फाइनल में कानपुर को हराया

Related Articles

AD
Back to top button