कानपुर देहात : पुलिस अधीक्षक ने सर्किल सिकन्दरा और अकबरपुर की अपराध समीक्षा की, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
बैठक में डकैती, लूट, चोरी और महिला अपराधों पर हुई गहन चर्चा; दोषसिद्धि की दर बढ़ाने के लिए विवेचना की गुणवत्ता पर जोर।

कानपुर देहात: जनपद कानपुर देहात की पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने आज अपने कार्यालय के अर्दलीय रूम में एक विस्तृत अपराध समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। यह बैठक सर्किल सिकन्दरा और सर्किल अकबरपुर की समग्र अपराध स्थिति की गहन समीक्षा के लिए आयोजित की गई थी।
बैठक में सर्किल सिकन्दरा की क्षेत्राधिकारी सुश्री प्रिया सिंह और संबंधित थाना प्रभारियों/चौकी प्रभारियों/विवेचकों तथा सर्किल अकबरपुर के क्षेत्राधिकारी संजय वर्मा और थाना प्रभारी गजनेर/चौकी प्रभारियों/विवेचकों ने भाग लिया।
गंभीर अपराधों की रोकथाम पर विशेष फोकस
पुलिस अधीक्षक ने दोनों सर्किल की समग्र अपराध स्थिति का बारीकी से अध्ययन किया। बैठक के दौरान विशेष रूप से गंभीर प्रकृति के अपराधों जैसे डकैती, लूट, चोरी, महिलाओं के विरुद्ध अपराध तथा वर्तमान में उभरते हुए खतरे साइबर अपराधों पर गहन चर्चा की गई। इनकी रोकथाम और प्रभावी नियंत्रण के लिए तत्काल कारगर रणनीति तैयार करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबित पड़े सभी पुलिस मामलों तथा विवेचनाओं को शीघ्र और प्रभावी ढंग से निस्तारित किया जाए। उन्होंने बल दिया कि सभी विवेचनाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए और अभियुक्तों के विरुद्ध ठोस सबूत एकत्र किए जाएं, ताकि अदालतों में दोषसिद्धि की दर में वृद्धि की जा सके।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी सिकन्दरा, क्षेत्राधिकारी अकबरपुर, प्रभारी निरीक्षक गजनेर, थानाध्यक्ष सिकन्दरा, थानाध्यक्ष राजपुर, थानाध्यक्ष अमराहट, सहित सर्किल सिकन्दरा और थाना गजनेर के समस्त चौकी प्रभारी, हल्का प्रभारी और विवेचक उपस्थित रहे।
ये भी पढ़े- रसूलाबाद में ट्रैक्टर की टक्कर से मासूम की मौत,परिजनों में मचा कोहराम



