फतेहपुर में दर्दनाक हादसा: अज्ञात पिकअप ने बाइक सवार पिता को कुचला, मौके पर ही मौत
थाना क्षेत्र के कबरहा गांव के पास एक तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आने से बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा रविवार दोपहर को हिनौता की तरफ से आ रहे बाइक सवार के सामने से हुई भिड़ंत में हुआ। पिकअप चालक घटना के बाद वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

- पुत्र बाल-बाल बचा; धाता थाना क्षेत्र के कबरहा गांव के पास हुई घटना, पिकअप चालक फरार
धाता, फतेहपुर: थाना क्षेत्र के कबरहा गांव के पास एक तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आने से बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा रविवार दोपहर को हिनौता की तरफ से आ रहे बाइक सवार के सामने से हुई भिड़ंत में हुआ। पिकअप चालक घटना के बाद वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, खखरेरू थाना क्षेत्र के हकीमपुर खंतवां गांव निवासी 46 वर्षीय अच्छन पुत्र जब्बार, रविवार को चित्रकूट जनपद के बांधी गांव में अपनी रिश्तेदारी में गए थे। दोपहर लगभग 12:00 बजे, धाता-हिनौता मार्ग पर कबरहा गांव के समीप एक तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत में बाइक सवार अधेड़ अच्छन की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं, बाइक पर पीछे बैठे अच्छन के 22 वर्षीय पुत्र को मामूली चोटें आईं और वह बाल-बाल बच गया।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस द्वारा अच्छन को मृत अवस्था में धाता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक अच्छन के छह बच्चे हैं, जिनमें तीन पुत्र और तीन पुत्रियां शामिल हैं। उनके सबसे बड़े पुत्र, 28 वर्षीय जाबिर की शादी हो चुकी है। इस दुखद घटना की खबर सुनकर पत्नी नाजरा सहित पूरे परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है।
घटना को लेकर धाता थानाध्यक्ष अंकुर कैथवाल ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और फरार पिकअप चालक की तलाश की जा रही है।



