मोहम्मदपुर में तहरी खाने से परिवार के पांच लोग बीमार,एक बच्चे की मौत; परिवार में शोक
परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था। घटना से गांव में शोक का माहौल है।

कानपुर देहात के भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव में बीते गुरुवार की शाम तहरी खाने से एक परिवार के पांच लोग बीमार हो गए।जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।देर रात एक बच्चे की हैलट अस्पताल में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।
जानकारी के मुताबिक मोहम्मदपुर गांव निवासी अब्दुल महताब,उनकी पत्नी निशा,10 वर्षीय पुत्र आदिल,11 वर्षीय पुत्र वारिश व चार वर्षीय पुत्री अदीबा सभी ने एकसाथ मिलकर तहरी खाई थी।जिसके कुछ देर बाद सभी को उल्टी,पेट दर्द की शिकायत होने पर उन्हें उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।जहां पर आदिल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे कानपुर हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया।
देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।वहीं महताब का उपचार जारी है।आदिल की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था।घटना से गांव में शोक का माहौल है।



