सीएसआर फंड से कन्साई नेरोलेक का सहयोग: क्षय रोगियों को पोषण पोटली और पोस्टमार्टम हाउस को आरओ प्लांट
कानपुर देहात में कंपनी ने स्वास्थ्य सेवाओं को दिया बढ़ावा

कानपुर देहात: कन्साई नेरोलेक पेंट्स लिमिटेड ने अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) फंड का उपयोग करते हुए कानपुर देहात जनपद में स्वास्थ्य और जनहित के कार्यों में सराहनीय योगदान दिया है। कंपनी ने जिले के 150 क्षय (टीबी) रोगियों को पोषण पोटली (पोषण किट) वितरित की और इसके साथ ही पोस्टमार्टम हाउस में 150 लीटर क्षमता का एक आरओ प्लांट (शुद्ध पेयजल संयंत्र) भी उपलब्ध कराया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय कानपुर देहात के परिसर में क्षय रोगियों को बुलाकर पोषण पोटली वितरित की गई, जबकि बाकी रोगियों को उनके घर पर पहुँचाई गई। यह पहल टीबी रोगियों को आवश्यक पोषण प्रदान करने में सहायक है। कन्साई नेरोलेक पेंट्स द्वारा पहले भी इस प्रकार की पोषण पोटली का वितरण किया जा चुका है, जो जनहित में उनके समर्पण को दर्शाता है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर एके सिंह के सक्रिय प्रयासों के कारण, कन्साई नेरोलेक पेंट्स ने जन सुविधा को ध्यान में रखते हुए अकबरपुर स्थित पोस्टमार्टम हाउस को 150 लीटर क्षमता का आरओ प्लांट प्रदान किया। इस आरओ प्लांट को शीघ्र ही चालू करा दिया जाएगा, जिससे पोस्टमार्टम हाउस में आने वाले आम जनता और कर्मियों को शुद्ध पेयजल की सुविधा मिल सकेगी। यह कार्य स्थानीय स्वास्थ्य सेवाओं और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।



