कानपुर देहात: सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, बेसिक शिक्षा अधिकारी ने खंड शिक्षा अधिकारियों को अल्टीमेटम जारी कर 2 दिन में मांगी रिपोर्ट
भोगनीपुर क्षेत्र के सेंगुर नदी के पास (देवीपुर चौकी) हुई स्कूल बस व ट्रक दुर्घटना में घायल बच्चों के मामले में की गई कार्रवाई की आख्या तुरंत मांगी।

राजेश कटियार, कानपुर देहात। जिला प्रशासन सड़क सुरक्षा को लेकर बेहद गंभीर रुख अपना रहा है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने जनपद के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को कड़ा निर्देश जारी करते हुए सड़क सुरक्षा समिति की बैठक के निर्णयों का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने इसके लिए मात्र 2 दिन की समय-सीमा तय की है।
जिन परिषदीय विद्यालयों में अभी तक रोड सेफ्टी क्लब नहीं बने हैं वहां तत्काल गठन कर मासिक गतिविधियों की प्रविष्टि रोड सेफ्टी पंजिका में दर्ज की जाए। अभिभावकों द्वारा बच्चों को लाने-ले जाने के लिए लगाए गए निजी वाहनों को चिन्हित कर सूची अविलंब परिवहन विभाग को भेजने के निर्देश दिए गए हैं। भोगनीपुर क्षेत्र में सेंगुर नदी के पास (देवीपुर चौकी) ट्रक और स्कूल बस दुर्घटना में घायल बच्चों के मामले में अब तक की गई कार्यवाही की आख्या तुरंत मांगी गई है।
लापरवाही पर जताई नाराजगी
बीएसए ने पत्र में स्पष्ट रूप से नाराजगी जाहिर की है कि पूर्व में 8 जुलाई 2026 को पत्र जारी होने के बावजूद अभी तक खंड शिक्षा अधिकारियों द्वारा अपेक्षित सूची और रिपोर्ट कार्यालय में उपलब्ध नहीं कराई गई है। उन्होंने सभी बीईओ को चेतावनी दी है कि वे अपने-अपने ब्लॉक की रिपोर्ट नोडल अधिकारी सन्त कुमार दीक्षित के माध्यम से 2 दिनों के भीतर हर हाल में विभाग को प्रेषित करें ताकि इसे जिला प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किया जा सके।
ये भी पक्षे- कानपुर देहात: सिकंदरा में 19 जुलाई को बसपा का विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन, मंडल प्रभारी जीतेन्द्र संखवार ने दी जानकारी



