मिशन शक्ति 5.0: कानपुर देहात पुलिस ने चलाया महिला सुरक्षा और कानूनी अधिकारों पर व्यापक अभियान
स्कूलों और बाजारों में जागरूकता कार्यक्रम, महिलाओं को 1090 और POCSO एक्ट की दी गई जानकारी

कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में, कानपुर देहात पुलिस ने आज “मिशन शक्ति 5.0” अभियान के तहत महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए एक व्यापक अभियान चलाया। यह अभियान जनपद के विभिन्न ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के विद्यालयों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर केंद्रित रहा।
इस जागरूकता कार्यक्रम में सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा योजनाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं और कानूनी अधिकारों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति सजग करना तथा अपराधों से बचाव के उपायों से अवगत कराना था। इस दौरान महिलाओं को 181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) और 112 (इमरजेंसी हेल्पलाइन) जैसे महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी दी गई।
साथ ही, UPCOP ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं का लाभ उठाने तथा फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग और फर्जी खातों से बचाव के साइबर सुरक्षा टिप्स साझा किए गए। कानूनी अधिकारों के अंतर्गत महिलाओं को POCSO एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा अधिनियम तथा साइबर क्राइम से संबंधित आईटी एक्ट की जानकारी भी दी गई।



