कानपुर देहात में रोटावेटर की चपेट में आकर किसान की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
छतेनी गांव में हुआ हादसा, पुलिस कार्यवाही में जुटी

पुखरायां। कानपुर देहात में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है।भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के छतेनी गांव में गुरुवार देर शाम रोटावेटर की चपेट में आकर एक किसान की मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अग्रिम कार्यवाही में जुट गई है।
मृतक की पहचान छतेनी गांव निवासी मोहम्मद हफीज के 58 वर्षीय पुत्र शरीफ अहमद के रूप में हुई है।शरीफ अहमद गुरुवार शाम करीब 7.45 बजे अपने खेत की जुताई के लिए गए हुए थे।ट्रैक्टर गांव का ही जैलेंद्र चला रहा था।रोड से हटकर खेतों की तरफ जाते समय ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और ट्रैक्टर के पीछे लगे रोटावेटर की चपेट में आकर शरीफ़ अहमद की मौके पर ही मौत हो गई।घटना की जानकारी मिलते ही देवीपुर चौकी प्रभारी अभिषेक कुमार ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतक शरीफ अहमद के परिवार में उनकी पत्नी जैतून,पुत्र सैफ अहमद,सलीम अहमद,कलीम अहमद का रो रो कर बुरा हाल था।प्रभारी निरीक्षक अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।हादसे में शामिल ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया गया है।परिजनों की तहरीर मिलने पर अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।



