स्वतंत्रता दिवस देश के गौरव और स्वाभिमान का पर्व है: SDMअभिषेक कुमार
व्यापारी बंधुओं द्वारा आयोजित इस विशाल कार्यक्रम में भव्य एवं विविध प्रकार की सांस्कृतिक झांकियों का प्रदर्शन किया गया।

कानपुर देहात: आजादी के पावन पर्व ‘स्वतंत्रता दिवस’ के अवसर पर रसूलाबाद कस्बे का झींझक तिराहा एक बार फिर देशभक्ति के अनूठे रंगों में सराबोर नजर आया। हर साल की भांति इस साल भी स्थानीय व्यापारी बंधुओं के सहयोग से झींझक तिराहे पर अत्यंत भव्य और मनमोहक सजावट की गई। चौराहे का यह विहंगम दृश्य क्षेत्र में कौतूहल और आकर्षण का केंद्र बना रहा, जिसे निहारने के लिए आसपास के गांवों और दूर-दराज के इलाकों से हजारों की संख्या में जनसैलाब उमड़ पड़ा।
झींझक तिराहे की सजावट और विद्युत रोशनी इतनी आकर्षक थी कि वहां से गुजरने वाला हर एक राहगीर ठिठककर रुकने और अपने मोबाइल कैमरों में इन खूबसूरत पलों को कैद करने के लिए मजबूर हो गया। चौराहे की भव्यता ने पूरे कस्बे में एक उत्सव जैसा माहौल बना दिया।
व्यापारी बंधुओं द्वारा आयोजित इस विशाल कार्यक्रम में भव्य एवं विविध प्रकार की सांस्कृतिक झांकियों का प्रदर्शन किया गया। क्षेत्र के प्रतिभावान युवक और युवतियों (कलाकारों) ने विभिन्न प्रकार की देशभक्ति व सांस्कृतिक झांकियों के माध्यम से अपनी बेहतरीन कला का प्रदर्शन किया, जिसे देखकर वहां मौजूद दर्शक भावविभोर हो उठे और पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
कार्यक्रम में ध्वजारोहण समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में रसूलाबाद उपजिलाधिकारी अभिषेक कुमार पहुंचे। उनके साथ तहसीलदार सन्तोष कुमार, क्षेत्राधिकारी आलोक चौधरी, कोतवाल शिव नारायण सिंह तथा अधिशासी अधिकारी (EO) कुलकमल सिंह सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम स्थल पर पहुँचने पर व्यापारी बंधुओं ने सभी सम्मानित अधिकारियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। व्यापारियों ने अधिकारियों को बैच लगाकर और सम्मानसूचक पट्टा पहनाकर उनका अभिनंदन किया।
ध्वजारोहण के उपरांत उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं
उपजिलाधिकारी (SDM) अभिषेक कुमार ने कहा
”स्वतंत्रता दिवस देश के गौरव और स्वाभिमान का पर्व है। झींझक तिराहे पर व्यापारी बंधुओं द्वारा की गई यह भव्य और अलौकिक सजावट वास्तव में प्रशंसनीय है। इस प्रकार के आयोजन न केवल कस्बे की सुंदरता बढ़ाते हैं, बल्कि आम जनमानस और युवाओं के दिलों में राष्ट्रीयता व देशभक्ति की भावना को और अधिक प्रबल करते हैं। व्यापारी बंधुओं का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है।”
क्षेत्राधिकारी आलोक चौधरी ने कहा
”आज के दिन हमें उन अमर शहीदों को नमन करना चाहिए जिनके बलिदान की वजह से हम आजाद भारत में सांस ले रहे हैं। शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ इस प्रकार के भव्य कार्यक्रमों का आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। इस सफल और अनुशासित आयोजन के लिए समस्त व्यापारी वर्ग और क्षेत्र की जनता बधाई की पात्र है।
आयोजन के अंत में व्यापारी बंधुओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए उपस्थित सभी प्रशासनिक अधिकारियों, सम्मानित नागरिकों और दूर-दराज से आए दर्शकों का हृदय से आभार व्यक्त किया।
ये भी पढ़े- कानपुर देहात: 80वें स्वतंत्रता दिवस पर पुलिस विभाग में गूंजे देशभक्ति के तराने



