कानपुर देहात: मंगलपुर में प्रसूता की मौत के बाद पति समेत 09 के खिलाफ दहेज उत्पीड़न व हत्या का केस दर्ज
पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

कानपुर देहात के थाना मंगलपुर क्षेत्र में 13 दिन पहले बच्चे को जन्म देने वाली एक प्रसूता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में नया मोड सामने आया है।मृतका के पिता ने 09 लोगों के खिलाफ दहेज हत्या व अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है
।घटना रविवार को थाना क्षेत्र के सबलपुर गांव में घटित हुई थी,जहां एक 25 वर्षीय महिला जूली का संदिग्ध परिस्थितियों में शव घर के अंदर चारपाई पर मिला था।मृतका के पति ने मोहित ने जूली के आत्महत्या कर लेने की सूचना पुलिस को दी थी और मौके से फरार हो गया था।लेकिन पुलिस ने उसे कुछ देर बाद हिरासत में ले लिया था।ग्रामीणों के मुताबिक पति पत्नी के बीच नवजात बच्चे को पुराने या नए मकान में रखने को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था।
बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी,जिसके बाद जूली का शव मिला।घटना की सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया।मृतका के पिता जयकिशन ने थाना मंगलपुर में पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि वर्ष 2021 में शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा लगातार दहेज में चार पहिया वाहन और 10 लाख रुपए नगद की मांग की जा रही थी।मांग पूरी न होने पर जुली को प्रताड़ित किया जाता था।
थाना प्रभारी महेश दुबे ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर पति समेत 09 के खिलाफ दहेज हत्या व अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।मामले की जांच की जा रही है।जांचकर उचित कार्यवाही की जाएगी।



