छात्राओं को दी गई आत्मनिर्भरता व सुरक्षा की सीख
जनपद में बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को नई दिशा देने वाला मिशन शक्ति 5 जोर-शोर से जारी है।

राजेश कटियार,कानपुर देहात। जनपद में बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को नई दिशा देने वाला मिशन शक्ति 5 जोर-शोर से जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार को संविलियन विद्यालय दस्तमपुर अकबरपुर में मिशन शक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अकबरपुर खंड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार सिंह एवं अकबरपुर ब्लॉक की मिशन शक्ति की नोडल पुनीता पालीवाल उपस्थिति रहे।
विद्यालय की बालिकाओं द्वारा महाभारत क्यों? नाम का बहुत ही सुंदर कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से समाज में महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया। सभी लोगों ने कार्यक्रम की भूरि भूरि प्रशंसा की। खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि इस समय बालिकाओं की शिक्षा पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने मिशन शक्ति के विभिन्न चरणों की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह अभियान बालिकाओं में आत्मविश्वास, सुरक्षा और स्वावलंबन की भावना को सशक्त बना रहा है। इस तरह के आयोजन से बालिकाओं में आत्मविश्वास और समाज में योगदान देने की प्रेरणा बढ़ती है। कार्यक्रम की संयोजिका स्मिता दीक्षित ने बहुत ही अच्छे ढंग से कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की। कार्यक्रम का संचालन श्वेता शुक्ला सहायक अध्यापक सरवनखेड़ा एवं मनोज पांडे ने किया। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका मिथिलेश कुमारी सपना, श्वेता पांडे, रफत, शर्मिष्ठा आकांक्षा, श्रमिका, भूपेंद्र, आमोद, रंगिता आदि उपस्थित रहे।



