10 हजार का इनामी गैंगस्टर गौरव कुमार गिरफ्तार, भोगनीपुर पुलिस को बड़ी सफलता
अपराध नियंत्रण और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भोगनीपुर थाना पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस टीम ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित और 10,000 रुपये के इनामी अपराधी गौरव कुमार को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है

कानपुर देहात। अपराध नियंत्रण और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भोगनीपुर थाना पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस टीम ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित और 10,000 रुपये के इनामी अपराधी गौरव कुमार को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
घेराबंदी कर देवीपुर चौराहे से दबोचा
पुलिस के अनुसार, यह गिरफ्तारी उच्चाधिकारियों के कुशल मार्गदर्शन में गठित टीम द्वारा की गई। 31 जनवरी 2024 की रात, मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने कानपुर-झांसी हाईवे स्थित देवीपुर चौराहे के पास सर्विस रोड पर घेराबंदी की। रात करीब 08:10 बजे पुलिस ने अभियुक्त गौरव कुमार (32 वर्ष) पुत्र स्व. कृष्ण कुमार निवासी ग्राम लवरसी कछगांव (मूसानगर) को गिरफ्तार कर लिया।
गैंगस्टर एक्ट में था वांछित
गिरफ्तार अभियुक्त गौरव कुमार थाना भोगनीपुर में दर्ज मु.अ.सं. 188/2025 धारा 3(1) गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस प्रशासन द्वारा 10,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने खुद को निर्दोष बताते हुए कोर्ट में अपना पक्ष रखने की बात कही है।
अपराधिक इतिहास पर एक नजर
अभियुक्त गौरव कुमार का पुराना अपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उस पर औरैया, अकबरपुर और भोगनीपुर थानों में गंभीर धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं:
औरैया: धोखाधड़ी, गाली-गलौज और SC/ST एक्ट के तहत मामला।
अकबरपुर: 13G एक्ट के तहत मुकदमा।
भोगनीपुर: धोखाधड़ी, मारपीट और छेड़खानी (354B) जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम
इस सफल कार्यवाही में मुख्य रूप से भोगनीपुर प्रभारी निरीक्षक अमरेन्द्र बहादुर सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुमन दीक्षित, हेड कांस्टेबल राजीव कुमार और हेड कांस्टेबल बीरेन्द्र सिंह शामिल रहे। पुलिस प्रशासन ने टीम के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की है।



