कानपुर देहात में सूने घर में चोरी
नगदी समेत सोने चांदी के आभूषण पार, पुलिस जांच में जुटी

पुखरायां। कानपुर देहात के बरौर थाना क्षेत्र के बेंडामऊ गांव में एक सूने घर में चोरी का मामला सामने आया है।चोरों ने घर से सोने चांदी के आभूषण,नगदी और पीतल का सामान चोरी कर लिया।वारदात के बाद चोर मौके से फरार हो गए।पीड़ित श्रीराम ने पुलिस को बताया कि वह अपने परिवार समेत हरिद्वार में रहकर एक कंपनी में काम करते हैं।
दीपावली के त्यौहार पर वह घर आए थे और बाद में वह परिवार समेत वापस हरिद्वार चले गए थे।जिसके कारण उनका मकान खाली था।बीती रात चोरों ने मकान के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और बक्सों के ताले तोड़कर उनमें रखे सोने,चांदी के आभूषण और नगदी पार कर दी।स्थानीय लोगों ने बताया कि देर रात करीब 12 बजे से 1 बजे के बीच कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनाई दी।जिसके बाद लोगों ने देखा कि बंद पड़े मकान के ताले टूटे हुए थे।
स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी मकान मालिक श्रीराम पाल को दी।सूचना मिलने पर जब परिजनों ने कमरों में सामान बिखरा देखा तब उन्हें चोरी का पता चला।उन्होंने तत्काल घटना का सूचना पुलिस को दी।सूचना मिलने पर एस आई समर सिंह ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच की।एस आई समर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।



