डेरापुर में दो घरों से लाखों की चोरी
कानपुर देहात के डेरापुर थाना क्षेत्र के कपासी खुर्द और मुर्रा गांवों में बीती रात अज्ञात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपए के जेवरात और नगदी पार कर दिए

- नगदी जेवर लेकर चोर हुए फरार
- फैली दहशत
- पुलिस जांच में जुटी
पुखरायां।कानपुर देहात के डेरापुर थाना क्षेत्र के कपासी खुर्द और मुर्रा गांवों में बीती रात अज्ञात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपए के जेवरात और नगदी पार कर दिए।जबकि दो अन्य घरों में चोरी का प्रयास विफल रहा।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।कपासी खुर्द गांव निवासी हिमांशु सिंह ने बताया कि बीती गुरुवार की रात वह घर में सो रहे थे।सुबह जागने पर उन्होंने देखा कि उनके कमरे की कुंडी बाहर से बंद थी।उनके चाचा शिवसिंह के घर का ताला टूटा हुआ था और आलमारी खुली मिली।आलमारी से लाखों रुपए के जेवरात और करीब 22 हजार नगदी गायब थी।पीड़ित ने घटना की सूचना थाना डेरापुर पुलिस को दी।इसी गांव में चोरों ने दिनेश के घर का ताला तोड़ने का प्रयास किया परन्तु विफल रहे।वहीं टिल्लू के घर के बाहर से कुंडी बंद कर दी थी परन्तु यहां भी चोरी की कोशिश नाकाम रही।दूसरी घटना मुर्रा गांव में अमरीश के घर में हुई।उन्होंने बताया कि बीती रात वह परिवार के साथ सो रहे थे।सुबह जागने पर घर का सारा सामान बिखरा मिला।जांच करने पर आलमारी और बक्सों के कुंडे खुले पाए गए और उनमें रखे लाखों रुपए के जेवरात और करीब 50 हजार रुपए गायब थे।घटना की सूचना थाना पुलिस को दी गई है।चोरी की घटनाओं की सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच की।प्रभारी निरीक्षक संजेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।जांचकर उचित कार्यवाही की जाएगी।फिलहाल क्षेत्र में हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत व्याप्त है।क्षेत्रवासियों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है ताकि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।



