बड़ी उपलब्धि: जनसुनवाई में ‘नंबर वन’ बना कानपुर देहात, IGRS रैंकिंग में उत्तर प्रदेश में पाया प्रथम स्थान
जनपद के 17 में से 15 थानों ने भी प्रदेश स्तर पर गाड़ा सफलता का झंडा; समयबद्ध निस्तारण में पुलिस का रहा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश सरकार की प्राथमिकता वाले समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली (IGRS) के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में जनपद कानपुर देहात ने पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर गौरव बढ़ाया है। माह जनवरी 2026 की जारी रैंकिंग में पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के नेतृत्व में जनपद ने शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण में यह मुकाम हासिल किया है।
विशेष बात यह है कि जनपद के कुल 17 थानों में से 15 थानों ने थानावार रैंकिंग में भी प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इन थानों में अकबरपुर, रुरा, गजनेर, महिला थाना, रनियां, भोगनीपुर, देवराहट, सट्टी, डेरापुर, बरौर, मंगलपुर, अमराहट, सिकन्दरा, रसूलाबाद और शिवली शामिल हैं। उच्चाधिकारियों के कुशल निर्देशन और पर्यवेक्षण में मिली इस सफलता ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर जनता का विश्वास और सुदृढ़ किया है।


