कानपुर देहात में मिशन शक्ति 5.0 की गूंज श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के नेतृत्व में महिलाओं को किया जागरूक
बाजारों और गांवों में उतरी पुलिस टीम सुरक्षा और कानूनी अधिकारों का दिया मंत्र

अमन यात्रा लाइव: कानपुर देहात में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व स्वावलंबन के लिए मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण का आगाज जोर-शोर से हुआ। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में आज जिले के सभी थाना क्षेत्रों, बाजारों, सार्वजनिक स्थानों और ग्रामीण इलाकों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति सजग करना और समाज में सुरक्षित माहौल तैयार करना है।
अभियान के दौरान महिला पुलिस कर्मियों और थाना प्रभारियों ने सैकड़ों बालिकाओं व महिलाओं से संवाद किया। उन्हें सरकार द्वारा जारी महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1090 (वुमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) और 112 (इमरजेंसी सेवा) के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया गया। पुलिस टीम ने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि किसी भी विषम परिस्थिति में पुलिस उनके साथ खड़ी है और उनकी पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।
जागरूकता कार्यक्रम में कानून की जानकारी देते हुए महिलाओं को पॉक्सो एक्ट, घरेलू हिंसा संरक्षण अधिनियम और दहेज निषेध कानून के बारे में शिक्षित किया गया। साथ ही आज के डिजिटल दौर में बढ़ते साइबर अपराधों जैसे फिशिंग और सोशल मीडिया फ्रॉड से बचने के लिए यूपी कॉप ऐप के इस्तेमाल की सलाह दी गई। कानपुर देहात पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि अपराधियों के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के साथ महिलाओं का सम्मान और सुरक्षा सर्वोपरि है।
ये भी पढ़े- कानपुर देहात: गजनेर में ऑपरेशन कन्विक्शन का बड़ा असर 21 साल पुराने मामले में दोषी को सजा


