उत्तरप्रदेशकानपुर देहातफ्रेश न्यूज

फर्जीवाड़े का खेल खत्म! कानपुर देहात में 39 बार जमानत लेने वाले 2 ‘पेशेवर जमानतदार’ दबोचे

रुरा पुलिस ने आर्थिक लाभ के लिए दुर्दांत अपराधियों को जमानत दिलाने वाले गिरोह का किया पर्दाफाश

Story Highlights
  • एएसपी राजेश पाण्डेय ने फर्जी जमानतदारों की गिरफ्तारी पर कड़ा बयान दिया।
  • उन्होंने रुरा पुलिस की कार्रवाई को सराहा।
  • उन्होंने कहा कि फर्जीवाड़ा करने वाले 'अपराध की कड़ी' थे और उन पर कठोर कार्रवाई होगी।

सुशील त्रिवेदी, कानपुर देहात: कानपुर देहात पुलिस द्वारा जनपद में अपराधों पर अंकुश लगाने और अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने का विशेष अभियान जारी है। इसी क्रम में, थाना रुरा पुलिस टीम को बड़ी सफलता हासिल हुई है। पुलिस ने आर्थिक लाभ के लिए एक ही संपत्ति का प्रयोग कर बार-बार अवैध तरीके से विभिन्न अभियुक्तों की जमानत लेने वाले दो पेशेवर जमानतदार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

घटना और कानूनी कार्रवाई

यह कार्रवाई तब शुरू हुई जब उपनिरीक्षक दुर्बीन सिंह दिनांक 11.12.2025 को माननीय न्यायालय द्वारा जमानत स्वीकृत होने के पश्चात जमानतदारों— मनोज कुमार (पुत्र राम औतार, निवासी भिखनापुर, रुरा) और बट्टन लाल (पुत्र अनन्त, निवासी इकघरा, रुरा)— का सत्यापन करने गए। आम जनता से पूछताछ में पता चला कि ये दोनों लोग पेशेवर जमानतदार हैं और आर्थिक लाभ के लिए एक ही संपत्ति को बार-बार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करके जमानत लेते हैं। वे न्यायालय को इस बात की सूचना नहीं देते थे कि उस संपत्ति पर पूर्व में कितनी बार जमानत ली जा चुकी है।

इस संबंध में उपनिरीक्षक दुर्बीन सिंह की तहरीर के आधार पर थाना रुरा पर मुक़दमा अपराध संख्या 0381/2025 धारा 61(2)/318(4)/338/336(3)/340(1)/340(2)/3(5) बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) के तहत बट्टन लाल (उम्र 58 वर्ष) और मनोज कुमार (उम्र 32 वर्ष) के विरुद्ध पंजीकृत किया गया।

अभियुक्तों की संलिप्तता और गिरफ्तारी

जांच में यह सामने आया कि अभियुक्त मनोज कुमार ने कुल 17 मुकदमों में और अभियुक्त बट्टन लाल ने कुल 22 मुकदमों में आर्थिक लाभ लेकर बाहरी और अपरिचित अभियुक्तों से मिलकर षड्यंत्र रचा। उन्होंने छलपूर्वक और मिथ्या रूप से एक ही संपत्ति को बार-बार प्रस्तुत कर जमानत ली।

रुरा पुलिस टीम ने आज, मुखबिर की सूचना पर इन दोनों वांछित अभियुक्तों— बट्टन लाल और मनोज कुमार— को ग्राम तिगाई के पास थाना क्षेत्र रुरा से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों को नियमानुसार माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

पूछताछ में खुलासा

पूछताछ के दौरान, बट्टन लाल और मनोज कुमार ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वे दोनों मिलकर आर्थिक लाभ के लिए गैर-जनपद और दूसरे प्रांतों के लोगों का एक ही जमीन के कागजात बार-बार लगाते थे। वे कम जमीन को ज्यादा दर्शाकर, कूटरचित दस्तावेज न्यायालय को भ्रमित कर, जिला कारागार में बंद दुर्दांत अपराधियों की जमानत लेने का काम लंबे समय से करते आ रहे थे। इसके एवज में उन्हें दूसरे प्रांत के अभियुक्त मोटी रकम देते थे। उन्होंने यह भी बताया कि माती कारागार में बंद अंशू सांसी (सिसौदिया) पुत्र दिनेश सांसी (निवासी मुंगावली, अशोक नगर, मध्यप्रदेश) की जमानत के लिए भी उन्होंने अपनी जमीन के कागजात लगा रखे हैं।

अभियुक्त मनोज कुमार ने यह भी खुलासा किया कि वह दुर्घटना के मुकदमों में असली वाहन चालक के स्थान पर स्वयं को वाहन चालक के रूप में प्रस्तुत कर, अपना ड्राइविंग लाइसेंस लगाकर सदोष लाभ अर्जित करता था। वह अब तक सात ऐसे अभियोगों में, जिनमें घायल व्यक्ति की मृत्यु हो चुकी है, अपना ड्राइविंग लाइसेंस लगाकर असली अभियुक्त को बचाकर मोटी रकम कमा चुका है।

गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण

  1. बट्टन लाल (उम्र 58 वर्ष) पुत्र अनन्त, निवासी ग्राम इकघरा, थाना रुरा, कानपुर देहात।

  2. मनोज कुमार (उम्र 32 वर्ष) पुत्र रामऔतार, निवासी ग्राम भिखनापुर, थाना रुरा, कानपुर देहात।

इस सम्बन्ध में पेशेवर जमानतदारों की गिरफ्तारी के बाद अपर पुलिस अधीक्षक राजेश पाण्डेय ने सख्त रुख अपनाया। प्रेस वार्ता में उन्होंने रुरा पुलिस की कार्रवाई को सराहते हुए कहा, “कानपुर देहात पुलिस का स्पष्ट मत है कि अपराधियों और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। गिरफ्तार किए गए अभियुक्त सिर्फ जमानतदार नहीं, बल्कि अपराध की एक कड़ी थे, जो मोटी रकम लेकर कानून से खिलवाड़ कर रहे थे। कानून से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।” उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस न्यायिक प्रक्रिया की शुचिता बनाए रखने के लिए हर ज़रूरी कदम उठाएगी।

ये भी पढ़े- कानपुर देहात: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में जनपद मुख्यालय पर 86 जोड़ों ने एक दूसरे को वरमाला पहनाई

Related Articles

AD
Back to top button