उत्तरप्रदेशकानपुर देहातफ्रेश न्यूज

मंगलपुर: सीमांकन के आदेश के बाद भी शुरू कर दिया निर्माण, जमीन मालिक ने थाने में लगाई फरियाद

मंगलपुर थाना क्षेत्र के कस्बा मंगलपुर निवासी धर्मेन्द्र पुत्र स्व. सतीश प्रजापति ने शनिवार को थाने में शिकायती पत्र देकर अपनी पैतृक जमीन पर हो रहे अवैध निर्माण को रुकवाने की मांग की है

राहुल कुमार,झींझक। मंगलपुर थाना क्षेत्र के कस्बा मंगलपुर निवासी धर्मेन्द्र पुत्र स्व. सतीश प्रजापति ने शनिवार को थाने में शिकायती पत्र देकर अपनी पैतृक जमीन पर हो रहे अवैध निर्माण को रुकवाने की मांग की है। उनका आरोप है कि विपक्षी लोग राजस्व विभाग के सीमांकन आदेश को नजरअंदाज कर जबरन कब्जा कर रहे हैं।

30 फुट की जगह 60 फुट सड़क बनाने का आरोप

धर्मेन्द्र के अनुसार मौजा छिबौली में उनकी जमीन स्थित है। वर्ष 2017 में उनके पिता ने आर्थिक तंगी के कारण इस जमीन के कुछ प्लॉट पुरानी बाजार मंगलपुर के रामकुमार पाठक और गौरीशंकर पाठक को बेचे थे। उस समय सड़क की सरकारी चौड़ाई 30 फुट निर्धारित थी।

अब यही दोनों व्यक्ति उस स्थान पर 60 फुट चौड़ी सड़क का मानक दिखाकर निर्माण करवा रहे हैं। सड़क की चौड़ाई को लेकर विवाद होने पर धर्मेन्द्र ने उच्चाधिकारियों को शिकायत की थी। शिकायत के बाद राजस्व टीम को मौके पर जाकर जमीन की नपती करने के निर्देश दिए जा चुके हैं।

आदेश के बाद भी जारी निर्माण, विरोध पर अभद्रता

पीड़ित का कहना है कि सीमांकन का आदेश होने के बावजूद विपक्षी पक्ष ने शनिवार से निर्माण कार्य शुरू कर दिया। जब धर्मेन्द्र ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो रामकुमार और गौरीशंकर ने गाली-गलौज की और झगड़े पर आमादा हो गए।

धर्मेन्द्र ने पुलिस से मांग की है कि राजस्व विभाग द्वारा नपती कर सीमांकन होने तक निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाई जाए। उनका कहना है कि समय पर कार्रवाई न होने से विवाद बढ़ सकता है और क्षेत्र की शांति भंग हो सकती है।

थाना प्रभारी ने बताया

 

मंगलपुर थाना प्रभारी महेश कुमार दुबे ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। यह मामला राजस्व विभाग से संबंधित है, इसलिए राजस्व अधिकारियों से समन्वय कर सीमांकन कराया जाएगा। सीमांकन रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

AD
Back to top button