लेवामऊ कंपोजिट विद्यालय में मिशन शक्ति अभियान के तहत जागरुकता गोष्ठी सम्पन्न
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अजय कुमार के दिशा निर्देशन में व खंड शिक्षा अधिकारी आनंद भूषण के नेतृत्व में शुक्रवार को मलासा विकासखंड के कंपोजिट विद्यालय लेवामऊ में मिशन शक्ति फेज 5 के तहत एक व्यापक जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन

- एआरपी अश्वनी कटियार ने वीडियो क्लिप के माध्यम से दी जानकारी
पुखरायां।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अजय कुमार के दिशा निर्देशन में व खंड शिक्षा अधिकारी आनंद भूषण के नेतृत्व में शुक्रवार को मलासा विकासखंड के कंपोजिट विद्यालय लेवामऊ में मिशन शक्ति फेज 5 के तहत एक व्यापक जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ छात्राओं द्वारा मां सरस्वती वंदना से किया गया।इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा,सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देना है।अभियान के तहत एआरपी अश्वनी कटियार ने बालिकाओं को स्वावलंबन,नारी सुरक्षा एवं विभिन्न टोल फ्री नंबरों की जानकारी दी।उन्होंने छात्राओं को बताया कि किसी भी आपात स्थित में डायल 112,1076,1090,102 तथा 108 जैसे हेल्पलाइन नंबरों पर तुरंत सहायता प्राप्त की जा सकती है।साइबर अपराध से बचने के लिए विशेष जानकारी देते हुए उन्हें अनजान लिंक या संदिग्ध कॉल से बचने की सलाह दी गई।ऐसी किसी घटना की स्थिति में टोल फ्री नंबर 1930 पर तत्काल सूचना देने को कहा गया साथ ही एआरपी ने छात्राओं को गुड टच बैड टच की अवधारणा को वीडियो क्लिप के माध्यम से बड़े ही सरलतम ढंग से जानकारी दी।कार्यक्रम के दौरान प्रधानाध्यापक विभा सचान ने स्थानीय महिलाओं को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित महिला कल्याण,सुरक्षा और स्वावलंबन से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।महिलाओं को घरेलू हिंसा अधिनियम,दहेज निषेध अधिनियम और यौन अपराधों से बाल संरक्षण अधिनियम जैसे कानूनों के तहत अपने अधिकारों की रक्षा करने के तरीके बताए।शिक्षक अनामिका बाजपेई ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वरोजगार योजनाओं समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।इस मौके पर शिक्षिका अनामिका त्रिवेदी,नेहा गुप्ता,सुबिरुसिमा बानो,शिक्षक देवेंद्र सिंह,विनोद कुमार समेत बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं मौजूद रहे।



