बड़ी खबर: कानपुर देहात में रविवार की छुट्टी कैंसिल, सभी स्कूल खोलने का बीएसए का सख्त आदेश जारी
वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत सुबह 7 बजे से शाम तक खुले रहेंगे स्कूल, होगी जियो टैगिंग।

कानपुर देहात। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने 12 जुलाई 2026 रविवार को आयोजित होने वाले वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के सफल आयोजन के लिए जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। जारी आदेश के अनुसार 12 जुलाई को जनपद के सभी परिषदीय विद्यालय खुले रहेंगे और सभी शिक्षकों शिक्षामित्रों अनुदेशकों तथा संबंधित कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य होगी।
कार्यालय जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की ओर से जारी पत्र में बताया गया है कि उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के अनुपालन में 12 जुलाई को वृक्षारोपण महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। आदेश के अनुसार सभी विद्यालयों में 12 जुलाई 2026 को प्रातः 7 बजे से सायंकाल तक शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहेंगे। इस दौरान विद्यालयों में वृक्षारोपण कार्यक्रम के साथ-साथ अन्य प्रतियोगिताएं भी आयोजित कराई जाएंगी। साथ ही लगाए गए पौधों की जियो टैगिंग का कार्य भी उसी दिन पूरा कराया जाएगा।
बीएसए ने निर्देश दिए हैं कि वृक्षारोपण कार्यक्रम की प्रगति रिपोर्ट वन विभाग एवं अधोहस्ताक्षरी कार्यालय को ई-मेल अथवा व्हाट्सएप के माध्यम से अनिवार्य रूप से भेजी जाएगी। इसके लिए आवश्यक आईडी, पासवर्ड और विस्तृत गाइडलाइन पहले ही विद्यालयों को उपलब्ध कराई जा चुकी है।
विद्यालय बंद मिलने पर होगी कार्यवाही
जारी आदेश में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि 12 जुलाई को कोई विद्यालय बंद पाया जाता है तो संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों के विरुद्ध आवश्यक प्रशासनिक कार्यवाही की जाएगी इसलिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि समयबद्ध तरीके से आदेश का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।



