उत्तरप्रदेशकानपुर देहातफ्रेश न्यूज

परिषदीय विद्यालयों के लिए स्पोर्ट्स ग्रांट जारी, निखरेगी ग्रामीण खेल प्रतिभाएं

बेसिक शिक्षा विभाग ने कानपुर देहात के 1,905 विद्यालयों के लिए कुल ₹1.28 करोड़ से अधिक की स्पोर्ट्स ग्रांट जारी की

कानपुर देहात। जनपद के परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों की खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें बेहतर मंच देने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने स्पोर्ट्स ग्रांट जारी कर दी है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अंचल के प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, कंपोजिट और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में खेल सुविधाओं को मजबूत करना तथा केंद्र सरकार के ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ अभियानों को जमीनी स्तर पर सफल बनाना है।
​इस पहल के तहत जनपद के 1,247 प्राथमिक विद्यालयों को 5,000 रुपये प्रति विद्यालय की दर से कुल 62 लाख 35 हजार रुपये आवंटित किए गए हैं। वहीं 657 उच्च प्राथमिक व कंपोजिट विद्यालयों तथा एक कस्तूरबा गांधी विद्यालय को 10,000 रुपये प्रति विद्यालय की दर से कुल 65 लाख 80 हजार रुपये की स्पोर्ट्स ग्रांट प्रदान की गई है। बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने स्पष्ट किया कि यह पूरी धनराशि पारदर्शी तरीके से सीधे विद्यालयों के एसएमसी (स्कूल प्रबंध समिति) खातों में भेजी जाएगी।
​प्राप्त अनुदान से विद्यालय प्रबंधन बच्चों के लिए क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, कबड्डी, खो-खो जैसे लोकप्रिय खेलों की सामग्री के साथ-साथ एथलेटिक्स उपकरण, शतरंज और कैरम बोर्ड जैसे इंडोर व आउटडोर खेल सामान खरीद सकेंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में संसाधनों और सही अवसरों के अभाव में कई होनहार बच्चे आगे नहीं आ पाते थे, लेकिन अब स्कूलों में ही नियमित अभ्यास और बेहतर उपकरण मिलने से उन्हें ब्लॉक, जिला, मंडल, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने का सुनहरा मौका मिलेगा। शिक्षा के साथ-साथ खेलों को समान महत्व देने की यह पहल न केवल विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास में सहायक होगी, बल्कि जिले से नई खेल प्रतिभाओं को पहचान भी दिलाएगी।

Related Articles

AD
Back to top button