कानपुर देहात: राजपुर में स्कूली वैन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलटी,19 बच्चे मामूली घायल
घायल बच्चों को भेजा गया अस्पताल, कोई जनहानि नहीं; टला बड़ा हादसा

कानपुर देहात: जनपद में राजपुर थाना क्षेत्र के जैनपुर गांव के पास बच्चों से भरी एक स्कूली वैन अनियंत्रित होकर पलट गई।हादसे में वैन में सवार 19 बच्चे घायल हो गए।हालांकि किसी को गंभीर चोट नहीं आई है।जिससे एक बड़ा हादसा होते टल गया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक राजपुर कस्बे में स्थित न्यू लाइट एजुकेशन स्कूल की यह निजी वैन जैनपुर सिकंदरा मार्ग से बच्चों को स्कूल ले जा रही थी।
बताया जा रहा है कि वैन चालक की लापरवाही से यह अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।हादसे के बाद मौजूद राहगीरों और ग्रामीणों में अफरा तफरी मच गई।ग्रामीणों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए वैन में फंसे सभी 19 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।स्थानीय लोगों ने अपने निजी वाहनों से सभी घायल बच्चों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर पहुंचाया।हादसे के बाद कुछ समय तक मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।सूचना मिलने पर थाना प्रभारी सूर्य प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
उन्होंने सभी बच्चों को अस्पताल भेजने की व्यवस्था की और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू रूप से चालू कराया।थाना प्रभारी ने बताया कि फरार वैन चालक की तलाश कराई जा रही है।तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।



