कानपुर देहात: मैथा ब्लॉक कार्यालय के निरीक्षण में फूटा सीडीओ विधान का गुस्सा, ई-ऑफिस और अधूरे रिकॉर्ड पर मिली कड़ी चेतावनी
विकास खंड की सभी ग्राम पंचायतों में योजनाओं का व्यापक प्रचार प्रसार किया जाए एवं रोस्टर तैयार करते ग्राम पंचायतों में हो पशु मेलों का आयोजन: सीडीओ

कानपुर देहात : मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल द्वारा विकासखंड मैथा कार्यालय का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय के विभिन्न पटलों का गहन निरीक्षण कर पत्रावलियों एवं अभिलेखों के रखरखाव की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने मानव संपदा पोर्टल एवं ई-ऑफिस के संचालन की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रविष्टियां समयबद्ध एवं त्रुटिरहित रूप से पूर्ण की जाएं। उन्होंने कार्यालय कार्यों में पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय परिसर में साफ सफाई,उपस्थिति पंजिका और अभिलेखों की व्यवस्था की भी जांच की।
कुछ अभिलेख अधूरे पाए जाने एवं ई-आफिस का संचालन सुचारू रूप से न किये जाने पर पर उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, स्थापना पटल, अभिलेखों की व्यवस्था और कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका का भी गहन परीक्षण किया गया। उन्होंने विकास खंड में स्थित पशु चिकित्सालय का भी निरिक्षण किया, निरिक्षण के समय पशु चिकित्साधिकारी दिव्या मौके पर उपस्थित मिली।
उन्होंने सम्बंधित पशु चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि विकास खंड की सभी ग्राम पंचायतों में व्यापक प्रचार प्रसार करवाते हुए टीकाकरण कराया जाए साथ ही रोस्टर तैयार करते हुए प्रत्येक ग्राम पंचायत में पशु मेला ,पशु कैम्प का आयोजन किया जाए। मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने ग्राम पंचायतों में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और उनकी नियमित निगरानी पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि कार्यालय में आने वाले आमजन को बेहतर सुविधा एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होने ने उपस्थित सहायक लेखाकार को निर्देश दिये कि समस्त योजनाओं के क्रियान्वयन में वित्तीय नियमो का पालन किया जाये। निरीक्षण के दौरान डी०सी० मनरेगा, एवं विकासखंड के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़े- शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर बीआरसी में हुई बैठक



