कानपुर देहात में आत्महत्या दुष्प्रेरण मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज परिजनों ने लगाया जाम
कानपुर देहात के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को एक युवक की आत्महत्या मामले में परिजनों ने सड़क जाम कर हंगामा किया।परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपियों को अब तक गिरफ्तार नहीं किया है,जबकि उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज है

- एडिशनल एस पी समेत कई थानों की पुलिस ने संभाला मोर्चा
- पुलिस पर लापरवाही का आरोप
- पुलिस बोली आरोपी हिरासत में
- जांच पड़ताल जारी
पुखरायां।कानपुर देहात के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को एक युवक की आत्महत्या मामले में परिजनों ने सड़क जाम कर हंगामा किया।परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपियों को अब तक गिरफ्तार नहीं किया है,जबकि उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज है।पुलिस के मुताबिक 15 सितंबर को चार लोगों से युवक की कहासुनी हुई थी।अगले दिन 16 सितंबर की सुबह युवक का शव गांव के बाहर एक पेड़ पर फंदे से लटका पाया गया।मृतक के परिजनों ने पुलिस को शिकायती प्रार्थना पत्र देते हुए चार लोगों पर युवक को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया।पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर तीन नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया था।परन्तु आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज परिजन गुरुवार को सड़क पर उतर आए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक राजेश पांडेय और कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझा बुझा कर मामला शांत कराया।पूरे मामले में पुलिस का कहना है कि आरोपियों को गिरफ़्तार कर लिया गया है।मामले की जांच की जा रही है।जांचकर उचित वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।



