कानपुर

सैफई में अखिलेश ने किया मतदान, जिलों में सुस्त है वोटिंग की रफ्तार, जानें-आसपास के जिलों में मतदान का हाल

कानपुर के आसपास के जनपद में शिक्षक स्नात एवं स्नातक चुनाव के लिए सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हुआ। शुरुआती दौर में मतदान की रफ्तार धीमी रही लेकिन दिन चढ़ने के साथ बूथों पर मतदाताओं की संख्या बढ़ती गई।

कानपुर,अमन यात्रा । यूपी विधान परिषद के लिए 11 सीटों पर मंगलवार को मतदान सुबह आठ से शुरू हो गए, जो शाम पांच बजे तक चलेगा। यूपी के 72 जिलों में मतदान हो मतदान हो रहे हैं, अभी कानपुर नगर, कानपुर देहात और उन्नाव जिले में मतदान नहीं हो रहे हैं। कानपुर के आसपास जिलो में मतदान स्थलों पर सुबह से गहमा गहमी की स्थिति बनी रही। इटावा के सैफई में सपा संरक्षक मुलायम सिंह के परिवार से जुड़े और सपा नेताओं ने वोट डाला है। वहीं दोपहर में सैफई पहुंचे सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी मतदान किया है। फिलहाल सभी जिलों में मतदान की रफ्तार अभी सुस्त बनी हुई है।फर्रुखाबाद में फर्जी वोटिंग कर रहे युवक को पीट दिया गया, वहीं फतेहपुर में मतदान स्थल बदलने को लेकर वोटरों ने हंगामा किया।

 

फर्रुखाबाद

इटावा

इटावा में आगरा खंड स्नातक व शिक्षक चुनाव के लिए मतदान सुबह शुरू हो गया। शहरी क्षेत्र में पांच मतदान केंद्रों सहित जनपद में 25 मतदान केंद्र बनाए गए। यहां स्नातक में 42000 और शिक्षक चुनाव में 2200 मतदाता हैं। भरथना के एसएवी इंटर कॉलेज मतदान केंद्र पर थर्मल स्क्रीनिंग के बाद मतदाताओं को प्रवेश दिया गया।सैफई ब्लाक परिसर में बनाए मतदान केंद्र पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दोपहर करीब डेढ़ बजे मतदान किया।

सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के छोटे भाई राजपाल यादव और उनकी पत्नी पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमलता यादव ने सैफई ब्लॉक केंद्र पर पहुंचकर मतदान किया। सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने सैफई मतदान केंद्र पर आगरा खंड स्नातक क्षेत्र चुनाव के लिए वोट डाला। यहां सुबह 10:00 बजे तक तीन प्रतिशत मतदान हो सका था।

औरैया

औरैया में आगरा खंड स्नातक एमएलसी व शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए मतदान सुबह आठ बजे शुरू हो गया। जनपद में 11 मतदान केंद्र में 40 बूथ बनाएं गए हैं। 14 मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की गई। बूथ में थर्मल स्क्रीनिंग के बाद सैनेटाइज कराकर मततदाताओं को भेजा गया। सुबह से मतदान की रफ्तार धीमी रही। सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी बूथ का निरीक्षण करते रहे। डीएम अभिषेक सिंह ने बताया कि मतदान की शांतिपूर्ण शुरुआत हुई है। कोविड-19 के नियमों का पालन कराया जा रहा है। दस बजे तक स्नातक में 2.23 प्रतिशत और शिक्षक एमएलसी में 9.2 फीसद मतदान हो सका था।

फतेहपुर

फतेहपुर में इलाहाबाद- झांसी स्नातक चुनाव के लिए 25 बूथों पर मतदान सुबह से शुरू हो गया। सुबह दस बजे तक 17 फीसद वोट ही पड़े थे। राजकीय बालिका विद्यालय के बूथ में 300 मतदाताओं के नाम नहीं होने पर हंगामा शुरू हो गया। सुबह 11 बजे मतदान केंद्र में वोट डालने पहुंचे तो मतदाता सूची में नाम न देखकर हंगामा शुरू कर दिया। भाजपा जिला अध्यक्ष आशीष मिश्र ने मतदान केंद्र की सूची में 300 मतदाताओं के नाम न होने की शिकायत डीएम संजीव सिंह से की और मतदाताओं के लिए वोट का अधिकार मांगा। मौके पर पहुंचे डीएम व एसडीएम ने मतदाताओं के नाम का मिलान किया तो उनका बूथ राजकीय इंटर कालेज में मिला। इसके बाद हंगामा शांत हुआ। डीएम संजीव सिंह व एसडीएम प्रमोद झा और सेक्टर मजिस्ट्रेट किशनलाल ने मतदाताओं को बूथों पर भेजा। भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि पुरानी मतदाता सूची के कारण गलतफहमी हो गई थी। डीएम ने कहा कि जितने मतदाताओं का नाम सूची में हैं, उन्हें वोट डालने का अधिकार है उन्हें हर हाल में वोट डालने का अवसर उपलब्ध कराया जाएगा।

चित्रकूट

चित्रकूट में मंगलवार सुबह आठ बजे से इलाहाबाद-झांसी स्नातक विधान परिषद चुनाव के लिए मतदान शुरु हो गया हालांकि सुबह के पहर में मतदान करने वालों की कम संख्या कम दिखी। सुबह दस बजे तक सिर्फ 4.33 प्रतिशत लोगों ने ही वोट डाले हैं। माना जा रहा है कि जैसे-जैसे दिन चढ़ेगा मतदाता अपने घरों से निकल वोट देने पहुंचेगें। वहीं हर मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कडे़ बंदोबस्त किए गए हैं।

जालौन

इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक चुनाव के लिए मंगलवार कोविड गाइडलान के पालन के साथ जालौन जनपद में मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। अधिकारी लगातार मतदान केंद्रों के निरीक्षण के लिए भ्रमण पर रहे। स्नातक चुनाव के लिए जिले में 24 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 33 बूथ हैं। मतदान के लिए पहुंचे प्रत्येक मतदाता की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। स्नातक चुनाव के लिए 17344 मतदाता हैं। जिलाधिकारी डा. मन्नान अख्तर, पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने के लिए भ्रमण पर रहे। शांतिपूर्ण चुनाव के लिए 18 सेक्टर मजिस्ट्रेटों को जिम्मेदारी दी गई है। दस बजे तक चार फीसद मतदान हुआ था।

बांदा

बांदा जनपद में इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन के लिए सुबह आठ बजे से 18 मतदेय स्थलों पर शांतिपूर्ण मतदान शुरू हो गया। सुबह 11 बजे तक करीब 12.5 फीसद मतदान हुआ था। जिला निर्वाचन अधिकारी आनंद कुमार सिंह व उप जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष बहादुर सिंह ने कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। जीआईसी में दो पोलिंग बूथ बनाए गए हैं यहां सबसे ज्यादा एक हजार मतदाता होने के कारण कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

हमीरपुर

इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन के लिए हमीरपुर में 15 पोलिंग बूथों पर शांतिपूर्ण माहौल में मतदान शुरू रहा। यहां सुबह दस बजे तक 4.12 फीसद मतदान हुआ था। डीएम ने सुमेरपुर के पोलिंग बूथ का निरीक्षण करके व्यवस्थाएं जांचीं।

महोबा

महोबा में छह पोलिंग बूथों पर सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हो गया, शुरुआती तीन घंटों में करीब 11 फीसद मतदान हो चुका है। जनपद में 4480 मतदाता हैं। मतदान कराने के लिए छह पोलिंग पार्टियां लगाई गई हैं।

कन्नौज

कन्नौज जिले में शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए मतदान सुबह शुरू हो गया। 12 केंद्रों के 29 बूथों पर मतदाता जुटने लगे लेकिन संख्या कम रही। हर बूथ पर पहले मतदाताओं की थर्मल स्क्रीनिंग की गई और ग्लब्स पहनकर मतदान कराया गया। कोविड नियमों के पालन के साथ सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी गजेंद्र कुमार ने एएसपी विनोद कुमार के साथ कई बूथों का निरीक्षण किया। सदर तहसील व ब्लॉक में एडीएम गौरव शुक्ला ने बूथों का निरीक्षण किया। पुलिस कर्मियों को नजर रखने के निर्देश दिए। यहां पर स्नातक के 18,978 और शिक्षक मतदाता 1741 हैं।

Print Friendly, PDF & Email
AMAN YATRA
Author: AMAN YATRA

SABSE PAHLE

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

AD
Back to top button