कानपुर में जाम से मिलेगी मुक्ति! पुलिस उपायुक्त यातायात ने संभाला मोर्चा, RTC स्कीम के तहत प्रमुख चौराहों का किया धुआंधार निरीक्षण
शहर वासियों को जाम के झाम से निजात दिलाने और सड़कों पर सुरक्षित सफर सुनिश्चित करने के लिए कानपुर पुलिस एक्शन मोड में नजर आ रही है। इसी क्रम में 19 मई 2026 को पुलिस उपायुक्त यातायात रवीन्द्र कुमार द्वारा सुगम यातायात योजना “Reducing Traffic Congestion (RTC) Scheme” के अंतर्गत शहर के कई प्रमुख और व्यस्ततम स्थानों का तूफानी भौतिक निरीक्षण किया गया

कानपुर नगर। शहर वासियों को जाम के झाम से निजात दिलाने और सड़कों पर सुरक्षित सफर सुनिश्चित करने के लिए कानपुर पुलिस एक्शन मोड में नजर आ रही है। इसी क्रम में 19 मई 2026 को पुलिस उपायुक्त यातायात रवीन्द्र कुमार द्वारा सुगम यातायात योजना “Reducing Traffic Congestion (RTC) Scheme” के अंतर्गत शहर के कई प्रमुख और व्यस्ततम स्थानों का तूफानी भौतिक निरीक्षण किया गया। यातायात व्यवस्था को सुधारने के उद्देश्य से किए गए इस निरीक्षण के दौरान एडीसीपी यातायात कपिल देव सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात, संबंधित जोन के टीआई और थाना कोतवाली का पुलिस बल प्रमुख रूप से मौजूद रहा।
यातायात पुलिस के आला अधिकारियों की टीम ने शहर के उन हिस्सों का रुख किया जहां अक्सर लोगों को भारी जाम का सामना करना पड़ता है। इस दौरान टीम ने रावतपुर तिराहा, गुटैय्या क्रासिंग, कार्डियोलॉजी, गोल चौराहा, हैलट हॉस्पिटल मार्ग, बड़ा चौराहा और परेड चौराहा का मौके पर जाकर गहनता से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त ने सड़कों पर वाहनों के बढ़ते दबाव, जगह-जगह होने वाली अवैध पार्किंग, ई-रिक्शा और ऑटो के मनमाने संचालन के साथ-साथ सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण की स्थिति को खुद देखा। इसके अलावा प्रमुख चौराहों पर यातायात संचालन की मौजूदा स्थिति का भी बारीकी से अवलोकन किया गया।
मौके पर मौजूद कमियों को देखते हुए पुलिस उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों और मौके पर तैनात यातायात कर्मियों को सख्त लहजे में निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और पूरी तरह सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए धरातल पर प्रभावी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि जनता को कोई परेशानी न हो। निरीक्षण के बाद जानकारी देते हुए पुलिस उपायुक्त रवीन्द्र कुमार ने बताया कि इस पूरी कवायद के पीछे “Reducing Traffic Congestion (RTC) Scheme” काम कर रही है। इस विशेष योजना का मुख्य और एकमात्र उद्देश्य कानपुर के नागरिकों को एक सुरक्षित, सुगम और पूरी तरह से व्यवस्थित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना है। आने वाले दिनों में इस योजना के तहत सड़कों पर बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।



