नवागंतुक एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने संभाला कानपुर जोन का कार्यभार, संभालते ही एक्शन में दिखीं
जोनल कार्यालय की सभी शाखाओं का किया औचक निरीक्षण, भ्रामक सोशल मीडिया पोस्ट पर पैनी नजर रखने के निर्देश

कानपुर: कानपुर जोन में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने और पुलिसिंग में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से नवागंतुक अपर पुलिस महानिदेशक अनुपम कुलश्रेष्ठ ने अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। कार्यभार संभालते ही एडीजी पूरी तरह एक्टिव मोड में नजर आईं और उन्होंने जोनल कार्यालय का रुख किया।
पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद एडीजी ने जोनल कार्यालय की विभिन्न महत्वपूर्ण शाखाओं का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, महत्वपूर्ण सरकारी अभिलेखों के रख-रखाव, कार्यालयीय अनुशासन और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया। निरीक्षण के इस क्रम में उन्होंने गोपनीय शाखा, प्रधान लिपिक कार्यालय, वाचक कार्यालय, कन्ट्रोल रूम और सोशल मीडिया सेल सहित अन्य सभी प्रमुख शाखाओं का दौरा कर वहां तैनात संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से जरूरी जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान कड़ा रुख अपनाते हुए एडीजी ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को शासकीय कार्यों के निष्पादन में पूरी पारदर्शिता, समयबद्धता, उत्तरदायित्व और संवेदनशीलता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था और आम जनता से जुड़ी किसी भी सूचना का त्वरित संकलन किया जाए और उसकी प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित हो। इसके साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर प्रसारित होने वाली भ्रामक और आपत्तिजनक सामग्री पर सतर्क दृष्टि रखने तथा ऐसी स्थितियों में समन्वित रूप से तत्काल कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यालयीय कार्यों में अनुशासन, गोपनीयता और दक्षता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और जनहित के मामलों में एक त्वरित व प्रभावी कार्य संस्कृति अपनाई जाएगी।
ये भी पढे- गंगा दशहरा पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम कानपुर देहात के 10 खतरनाक घाटों पर स्नान पूरी तरह प्रतिबंधित



