राजपुर में महर्षि वाल्मीकि जयंती धूमधाम से मनी, महापुरुषों के दिखाए रास्ते पर चलने का आह्वान
राष्ट्रीय पंचायतीराज प्रधान संगठन के प्रदेश महासचिव दिनेश मिश्रा ने किया मार्गदर्शन

राजपुर। कस्बे के वाल्मीकि मोहल्ले में मंगलवार को महर्षि वाल्मीकि जयंती बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर महर्षि वाल्मीकि के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई और उनकी प्रेरणादायक जीवनी पर प्रकाश डालते हुए सभी को मिलजुलकर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय पंचायतीराज प्रधान संगठन के प्रदेश महासचिव दिनेश मिश्रा और एडवोकेट कमल कांत अवस्थी शामिल हुए, जिनका आयोजकों ने फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम आयोजकों ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दिनेश मिश्रा ने ही चार साल पहले इस जयंती समारोह का शुभारम्भ कराया था।
मुख्य अतिथि दिनेश मिश्रा ने सभी के साथ मिलकर महर्षि वाल्मीकि को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि केवल जयंती मनाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि महापुरुषों द्वारा दिखाए गए रास्ते पर पूरी निष्ठा और ईमानदारी से चलना होगा। उन्होंने कहा कि संत-महापुरुष समाज को नई दिशा और प्रेरणा देते हैं। उन्होंने रामायण का उदाहरण देते हुए आपसी भाईचारे, सद्भावना और प्रेम को मजबूत करने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन करन वाल्मीकि ने किया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए हेड कांस्टेबल सनवेद सिंह और सुरेंद्र सिंह मौजूद रहे। इस मौके पर संदीप बाल्मीकि, अर्जन बाल्मीकि, विशाल बाल्मीकि समेत मोहल्ले के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
ये भी पढ़े- रायपुर में बिस्कुट फैक्ट्री की लिफ्ट में गर्दन फंसने से युवक की मौत, कोहराम



