कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात: पुखरायां में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत,दहेज उत्पीड़न व हत्या का आरोप

पति समेत 6 के खिलाफ केस दर्ज, पुलिस जांच में जुटी

पुखरायां। कानपुर देहात के भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के पुखरायां कस्बे में गुरुवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।परिजनों ने ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न व हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान नगर पालिका रोड पुखरायां कस्बा निवासी उपेंद्र उर्फ विक्की की पत्नी मोनिका यादव के रूप में हुई है।जनपद जालौन के कदौरा थाना क्षेत्र के उदनपुर निवासी प्यारेलाल पुत्र मोहर सिंह ने गुरुवार को थाना भोगनीपुर में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए पुलिस को बताया कि उनकी पुत्री मोनिका यादव की शादी बीते 20 अप्रैल 2025 को नगर पालिका सुभाष नगर पुखरायां निवासी डॉक्टर दिनेश यादव के पुत्र उपेन्द्र उर्फ विक्की से हिंदू रीति रिवाज के साथ संपन्न हुई थी।

परन्तु शादी के कुछ समय बाद ही उसकी पुत्री की सास ऊषा,ससुर डॉक्टर दिनेश यादव,पति उपेंद्र उर्फ विक्की, छोटी ननद, बड़ी ननद व जेठ उसकी पुत्री को प्रताड़ित करने लगे तथा अतिरिक्त दहेज के रूप ने पांच लाख रुपए व कार की मांग की।

दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालीजन उसकी पुत्री को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे तथा जान से मारने की धमकी देते थे।जिसके संबंध में उसकी पुत्री ने फोन द्वारा उन्हें कई बार सूचना दी थी।बीते बुधवार की शाम करीब 7.45 बजे ससुर दिनेश ने उन्हें सूचना दी कि उनकी पुत्री की तबियत अत्यधिक खराब है।सूचना मिलने पर जब वह मौके पर पहुंचे तो उनकी पुत्री वहां मृत अवस्था में पड़ी थी तथा उसके शरीर पर कई जगह चोंट के निशान थे।

उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपियों ने षडयंत्र रच कर उनकी पुत्री की हत्या कर दी है।कोतवाल सतीश कुमार सिंह ने बताया कि मृतका के पिता की शिकायत पर पति समेत अन्य ससुरालीजनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।मामले की जांच की जा रही है।जांच कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

Related Articles

AD
Back to top button