इंस्पेक्टर महेश दुबे के लाइन हाजिर होने के बाद चेती मंगलपुर पुलिस

पुखरायां।कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र के हिसावां गांव में बीते दिनों एक परिवार दबंगों के भय से गांव छोड़ पलायन कर गया था।मामले में पुलिस की घोर लापरवाही सामने आई थी।सोमवार को इंस्पेक्टर महेश दुबे के लाइन हाजिर होने के बाद आखिकार पुलिस चेती और पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया।पलायन करने वाले परिवार का आरोप था कि पुलिस उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं ले रही है और विपक्षी लगातार उन्हें डरा धमका रहे थे।गौरतलब हो कि मंगलपुर थाना क्षेत्र के हिसावां गांव निवासी हीरालाल बीते दिनों अपने घर के बाहर पलायन लिखकर परिवार समेत घर छोड़कर चले गए थे।मामला चर्चा में आने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने इसे संज्ञान में लिया और घटना के 19 दिन बाद आखिरकार पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।पीड़ित हीरालाल के मुताबिक 25 जून की शाम करीब 6 बजे जब वह अपने घर के बाहर लगी पानी की टोटी से पानी भर रहे थे।आरोप है कि तभी गांव के आदित्य,आशीष और कमला देवी ने उनकी टोटी तोड़ दी।इसके बाद जब वह अपने भाई जगमोहन के घर के बाहर लगे नल में पानी भरने पहुंचे तो आरोपियों ने वहां गाली गलौज की।विरोध करने पर आरोपियों ने घर में घुसकर बुजुर्ग दंपत्ति के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।प्रभारी इंस्पेक्टर इंद्रजीत सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है।जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।



